ऋषिकेश में दर्दनाक हादसा, अनियंत्रित ट्रक खेत में गिरा; चालक समेत महिला की मौत

ऋषिकेश: ऋषिकेश के भद्रकाली तिराहे से आगे ब्रह्मानंद मोड़ के पास शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित ट्रक सड़क से नीचे खेत में जा गिरा, जिससे चालक समेत एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 20 मीटर नीचे खेत में जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि ट्रक के साथ सड़क पर लगे दो कंक्रीट डिवाइडर भी टूटकर नीचे जा गिरे। डिवाइडर पास की झोपड़ी पर गिर गए, जहां एक महिला मौजूद थी। महिला डिवाइडर के नीचे दब गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं ट्रक चालक भी वाहन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी जान चली गई। घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
एसडीआरएफ टीम ने डिवाइडर के नीचे दबी महिला को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। जबकि चालक को टीम के पहुंचने से पहले ही अस्पताल ले जाया गया था। डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान चालक फारुख निवासी बहादरपुर, लक्सर हरिद्वार और कौशल्या पत्नी सुरेश, उम्र 42 वर्ष, निवासी बावाड़ी शिवपुरी के रूप में हुई है।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।




