दून से भाजपा महिला मोर्चा का ‘महाआक्रोश अभियान’ शुरू, कांग्रेस के विरोध में पदयात्रा

देहरादून | भारतीय जनता पार्टी के महिला मोर्चा ने कांग्रेस के खिलाफ ‘महाआक्रोश अभियान’ की शुरुआत कर दी है। राजधानी दून के परेड ग्राउंड से जन आक्रोश महिला पदयात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
आयोजन स्थल पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित पार्टी के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर नकारात्मक रवैया अपनाने का आरोप लगाया है।
महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने कहा कि कांग्रेस का यह रुख देश की आधी आबादी के अधिकारों पर सीधा प्रहार है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। विपक्ष ने राजनीतिक कारणों से इसका विरोध कर महिलाओं की आकांक्षाओं को ठेस पहुंचाई है।
प्रदेशभर में चलाया जाएगा जनजागरण अभियान
रुचि भट्ट ने बताया कि इस अभियान के तहत पूरे उत्तराखंड में महिला जन आक्रोश पदयात्राएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें हजारों महिलाएं भाग लेंगी। अभियान के दौरान महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों और महिला छात्रावासों में व्यापक जनसंपर्क किया जाएगा।
युवतियों को नारी शक्ति वंदन अधिनियम के महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा। साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से दस दिनों तक विशेष अभियान चलाकर महिलाओं की आवाज को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
अभियान में महिला जनप्रतिनिधियों, सांसदों, विधायकों, महापौरों, जिला पंचायत अध्यक्षों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं और छात्राओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। महिला मोर्चा ने प्रदेश की सभी महिलाओं से इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है।




