प्लॉट का सौदा कर लौट रहे व्यक्ति से 14 लाख रुपये की लूट, पटेलनगर में मारपीट कर फरार हुए हमलावर

देहरादून। छोटी दिवाली की शाम पटेलनगर क्षेत्र में लूट की एक वारदात सामने आई है। जमीन का सौदा कर 14 लाख रुपये लेकर लौट रहे एक व्यक्ति को बाइक और एक्टिवा सवार पांच-छह युवकों ने इंद्रेश अस्पताल के पास घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने वाहन में सवार लोगों के साथ मारपीट की और पिछली सीट पर रखा नकदी से भरा थैला लेकर फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने तीन नामजद समेत पांच-छह लोगों के खिलाफ लूट और मारपीट का मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, रायवाला के हरिपुर कलां स्थित राणा कॉलोनी निवासी राजेश कुमार सोनी (45) शनिवार को पथरी बाग में एक प्लॉट के सौदे के सिलसिले में दिनेश तिवारी से 14 लाख रुपये नकद लेकर लौट रहे थे। उनके साथ दिनेश तिवारी, ओमकार और गुरविंदर भी वाहन में सवार थे। दोपहर करीब 3:40 बजे उनका वाहन इंद्रेश अस्पताल की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से बाइक और एक्टिवा पर सवार होकर आए युवकों ने उनका वाहन घेर लिया।
आरोप है कि युवकों ने वाहन सवार लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच पिछली सीट पर रखा 14 लाख रुपये से भरा थैला उठा लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी।
तीन लोगों को किया नामजद
राजेश कुमार सोनी ने अपनी तहरीर में सिद्धांत बडोनी, कार्तिक भाटिया और दीपक सिंह शेखावत को नामजद किया है। साथ ही चार-पांच अन्य लोगों के भी वारदात में शामिल होने का आरोप लगाया है। पीड़ित के अनुसार, घटना के बाद जानकारी जुटाने पर इन लोगों के नाम सामने आए।
पुलिस ने रविवार दोपहर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पटेलनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर ने बताया कि घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें जुटी हैं।




