उत्तराखंड में भारी बारिश का दौर जारी, पांच जिलों में येलो अलर्ट; प्रशासन अलर्ट मोड पर

देहरादून: उत्तराखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। पर्वतीय जिलों में भूस्खलन, मलबा और बोल्डर गिरने से कई संपर्क मार्ग बाधित हो गए हैं, जबकि नदियां और बरसाती नाले उफान पर बह रहे हैं। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज गर्जना की चेतावनी जारी की है।
देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार सोमवार को देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना है। इसे देखते हुए इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में भी तेज बारिश और वज्रपात की आशंका जताई गई है।
राजधानी देहरादून में दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहने और एक-दो दौर की हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान लगभग 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
बारिश के अलर्ट को देखते हुए प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और संबंधित एजेंसियों को 24 घंटे सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को भूस्खलन के कारण बंद होने वाले मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द खोलने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने को कहा गया है।
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने और उफनती नदियों, नालों तथा गदेरों के आसपास नहीं जाने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि मौसम संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन कर ही यात्रा करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
लगातार हो रही मानसूनी बारिश के कारण विशेष रूप से पर्वतीय जिलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है और कई क्षेत्रों में लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।




