उत्तराखण्ड

कांवड़ मेले से पहले परिवहन निगम का बड़ा फैसला, सभी बसें एक्सप्रेसवे से होंगी संचालित

देहरादून: उत्तराखंड परिवहन निगम ने कांवड़ मेले के दौरान यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए बड़ा फैसला लिया है। निगम ने तय किया है कि मेले के दौरान देहरादून से दिल्ली जाने वाली सभी बसों, जिनमें साधारण बसें भी शामिल हैं, का संचालन दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से किया जाएगा। इससे यात्रियों को जाम से राहत मिलेगी और दिल्ली का सफर करीब साढ़े तीन घंटे में पूरा किया जा सकेगा।

 

अभी तक केवल एसी और वॉल्वो बसों का संचालन एक्सप्रेसवे से किया जा रहा था, जबकि साधारण बसें देहरादून आईएसबीटी से बिहारीगढ़, छुटमलपुर, रुड़की, पुरकाजी, मुजफ्फरनगर, मेरठ, मोहन नगर होते हुए दिल्ली आईएसबीटी और आनंद विहार तक पुराने मार्ग से संचालित होती थीं। कांवड़ मेले के दौरान अब इन बसों को भी एक्सप्रेसवे से चलाया जाएगा।

 

हालांकि, इस निर्णय से उत्तराखंड परिवहन निगम को राजस्व का नुकसान होने की संभावना है। पुराने मार्ग पर विभिन्न स्टॉपेज से यात्रियों के चढ़ने के कारण निगम को अतिरिक्त आय होती थी, जबकि एक्सप्रेसवे पर बीच में कोई स्टॉपेज नहीं है। इसके बावजूद निगम ने यात्रियों को जाम से राहत और तेज यात्रा सुविधा देने को प्राथमिकता दी है।

 

वर्तमान में देहरादून से दिल्ली के बीच प्रतिदिन लगभग 95 बसों का संचालन किया जा रहा है, जिनमें साधारण, एसी और वॉल्वो बसें शामिल हैं।

 

इसी के साथ परिवहन निगम ने आगामी दीपावली और त्योहारी सीजन को देखते हुए अपने बेड़े को मजबूत करने की तैयारी भी शुरू कर दी है। निगम नवंबर से अनुबंध के आधार पर 28 नई एसी और वॉल्वो बसों को बेड़े में शामिल करेगा। ये सभी बसें बीएस-6 मॉडल की होंगी, जिससे दिल्ली में इनके संचालन में भी सुविधा मिलेगी।

 

वर्तमान में निगम 26 एसी और वॉल्वो बसों का अनुबंध के आधार पर संचालन कर रहा है। इन बसों का अनुबंध अक्टूबर तक बढ़ा दिया गया है, जबकि नवंबर से नई 28 बसों के संचालन की योजना तैयार की गई है, ताकि त्योहारी सीजन में बढ़ने वाली यात्रियों की संख्या के अनुरूप बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

 

उत्तराखंड परिवहन निगम के महाप्रबंधक (संचालन) क्रांति सिंह ने बताया कि कांवड़ मेले के दौरान सभी बसों को एक्सप्रेसवे से संचालित करने का निर्णय यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। उन्होंने कहा कि नई एसी और वॉल्वो बसों के शामिल होने से दिल्ली रूट पर परिवहन सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी तथा यात्रियों को आरामदायक यात्रा का लाभ मिलेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button