उत्तराखण्डदेहरादूनराजनीतिक

उत्तराखंड में तीन बड़े फैसले: सड़कों का चौड़ीकरण, 11 हजार युवाओं को मुफ्त कोचिंग और मियांवाला में आधुनिक पार्क का तोहफा

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने राज्य में सड़क, शिक्षा और शहरी विकास से जुड़े तीन बड़े फैसले लिए हैं। इन निर्णयों से आम जनता, यात्रियों और युवाओं को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। पहाड़ी क्षेत्रों में सिंगल लेन हाईवे को डबल लेन और मैदानी इलाकों में नेशनल हाईवे को फोर लेन बनाया जाएगा। वहीं 11 हजार छात्रों को मुफ्त कोचिंग सुविधा और देहरादून के मियांवाला में आधुनिक पार्क का भी लोकार्पण किया गया है।

पहाड़ों में सिंगल लेन हाईवे होंगे डबल लेन

लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) ने तीन वर्षों में सड़क नेटवर्क सुधारने का लक्ष्य तय किया है। पर्वतीय क्षेत्रों में लगभग 2,000 किमी नेशनल हाईवे हैं, जिनमें करीब 1,000 किमी पहले से डबल लेन हैं, जबकि शेष 1,000 किमी अब भी सिंगल लेन हैं। विभाग की योजना के तहत इन सभी सिंगल लेन सड़कों को चरणबद्ध तरीके से तीन साल में डबल लेन किया जाएगा।

एचओडी राजेश शर्मा के अनुसार, इससे दुर्गम क्षेत्रों तक पहुंच आसान होगी और पहाड़ों में यात्रा सुरक्षित व सुगम बनेगी।

मैदानी इलाकों में हाईवे होंगे फोर लेन

मैदानी क्षेत्रों में करीब 155 किमी नेशनल हाईवे अभी सिंगल लेन हैं। इन्हें जल्द फोर लेन में बदला जाएगा। योजना के तहत देहरादून, हरिद्वार और ऊधमसिंहनगर के सभी एनएच को चौड़ा किया जाएगा, जिससे ट्रैफिक दबाव कम होगा और दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।

साथ ही सड़क चौड़ीकरण के दौरान ब्लैक स्पॉट खत्म करने, तीव्र मोड़ों और खतरनाक ढलानों को सुधारने की भी योजना है, जिससे स्थानीय लोगों और चारधाम यात्रियों को राहत मिलेगी।

11 हजार छात्रों को मिलेगी मुफ्त कोचिंग

मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना के तहत प्रदेश के 11,000 छात्र-छात्राओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मुफ्त कोचिंग दी जाएगी। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि योजना का शासनादेश जारी कर दिया गया है और इसे विधिवत लागू कर दिया गया है।

हर वर्ष इस योजना पर 11 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। जिलावार स्क्रीनिंग परीक्षा के माध्यम से मेधावी युवाओं का चयन होगा।

सिविल सर्विसेज के लिए 2,000 छात्र

एसएससी, रेलवे आदि के लिए 5,000 छात्र

बैंकिंग परीक्षाओं के लिए 2,000 छात्र

कैट, मैट, गेट, नेट, सीएसआईआर और अन्य प्रवेश परीक्षाओं के लिए 2,000 छात्र

चयनित अभ्यर्थियों को राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित संस्थानों के माध्यम से ऑनलाइन कोचिंग दिलाई जाएगी। योजना की निगरानी के लिए उच्च शिक्षा सचिव की अध्यक्षता में चार सदस्यीय समिति तथा मुख्य सचिव की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय राज्य स्तरीय स्टेयरिंग समिति गठित की गई है।

मियांवाला में आधुनिक पार्क का लोकार्पण

मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने मियांवाला में पुराने प्राकृतिक तालाब का कायाकल्प कर लगभग 3.30 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक पार्क विकसित किया है।

सोमवार को रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ ने इसका लोकार्पण किया। इस अवसर पर स्थानीय पार्षद पूजा नेगी सहित क्षेत्रवासी और एमडीडीए के अधिकारी मौजूद रहे।

एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि सभी परियोजनाओं में गुणवत्ता और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button