उत्तराखंड में बाहरी राज्यों के वाहनों से ग्रीन सेस वसूली शुरू, टिमली चेकपोस्ट पर लागू हुई नई दरें

देहरादून। उत्तराखंड में बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों से ग्रीन सेस की वसूली शुरू हो गई है। देहरादून के प्रवेश द्वार टिमली चेकपोस्ट पर इसके लिए अलग-अलग श्रेणी के वाहनों के अनुसार शुल्क की दरों का बोर्ड लगाया गया है। अब उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और दिल्ली समेत अन्य राज्यों से उत्तराखंड में प्रवेश करने वाले वाहनों को निर्धारित ग्रीन सेस चुकाना होगा।
ग्रीन सेस केवल मालवाहक वाहनों तक सीमित नहीं है। कार, मोटर कैब, मैक्सी कैब, बस, ट्रक से लेकर भारी निर्माण उपकरण वाले वाहनों के लिए भी शुल्क निर्धारित किया गया है। अधिसूचना के अनुसार, बाहरी राज्य के वाहन के प्रत्येक प्रवेश पर निर्धारित ग्रीन सेस देय होगा।
परिवहन विभाग की ओर से 27 मई 2025 को ग्रीन सेस की संशोधित दरें जारी की गई थीं। इसके तहत वाहन की श्रेणी और एक्सल की संख्या के आधार पर शुल्क निर्धारित किया गया है।
ग्रीन सेस की निर्धारित दरों के अनुसार, 3 एक्सल वाले भारी वाहन से 450 रुपये, 4 से 6 एक्सल वाले भारी वाहन से 600 रुपये और 7 या उससे अधिक एक्सल वाले भारी वाहन से 700 रुपये शुल्क लिया जाएगा। मध्यम/भारी माल वाहन के लिए 250 रुपये, हल्के माल वाहन के लिए 120 रुपये और डिलीवरी वैन के लिए 80 रुपये शुल्क निर्धारित है।
वहीं, 12 से अधिक सीट वाली बस के लिए 140 रुपये, जबकि कार, मोटर कैब और मैक्सी कैब के लिए 80 रुपये ग्रीन सेस निर्धारित किया गया है। अब टिमली चेकपोस्ट से उत्तराखंड में प्रवेश करने वाले संबंधित बाहरी वाहनों से इन्हीं निर्धारित दरों के अनुसार ग्रीन सेस की वसूली की जाएगी।




