नंदा देवी एक्सप्रेस को लूटने की कोशिश, देवबंद के पास 10 हथियारबंद बदमाश चढ़े

देवबंद/मुरादाबाद। कोटा से देहरादून आ रही नंदा देवी एक्सप्रेस को देवबंद से आगे जंगल क्षेत्र में लूटने का प्रयास किया गया। बुधवार तड़के करीब तीन बजे हुई इस घटना में करीब 10 हथियारबंद बदमाश ट्रेन के दो कोचों के बीच बफर पर चढ़ गए। हालांकि वे न तो ट्रेन को रोक सके और न ही कोच के भीतर प्रवेश कर पाए।
जानकारी के अनुसार, ट्रेन देवबंद स्टेशन से रवाना होने के बाद स्टेशन मास्टर ने लोको पायलट को सूचना दी कि दो कोचों के बीच कुछ संदिग्ध लोग चढ़े हैं। तुरंत यह सूचना सभी कोच अटेंडेंट तक पहुंचाई गई। कुछ अटेंडेंट ने लोको पायलट और आरपीएफ अधिकारियों को बताया कि करीब 10 हथियारबंद लोग बफर पर मौजूद हैं और ट्रेन को रोकने का प्रयास कर रहे हैं।
बताया गया कि नए कोचों में बफर से वैक्यूम रिलीज करने की व्यवस्था नहीं है, जिससे बदमाश ट्रेन को रोकने में असफल रहे। वहीं एहतियात के तौर पर सभी कोचों के दरवाजे लॉक कर दिए गए, जिससे वे अंदर प्रवेश नहीं कर सके। कर्मचारियों को भनक लगने के बाद बदमाश ट्रेन से कूदकर फरार हो गए।
रेलवे प्रशासन ने घटना को गंभीरता से लेते हुए आरपीएफ को विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं। कोच अटेंडेंट के बयान दर्ज किए गए हैं और उनकी मदद से संदिग्धों के स्केच तैयार कराए गए हैं। स्केच के आधार पर बदमाशों की पहचान की जा रही है। पुलिस की सहायता से आरपीएफ की कई टीमें सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
मुरादाबाद मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और मामले में उच्च स्तरीय जांच के निर्देश दिए गए हैं।




