नैनी झील से लगातार दूसरे दिन मिला शव, महेंद्र चौहान की मौत से सनसनी

नैनीताल: नैनी झील से लगातार दूसरे दिन शव मिलने की घटना ने शहर में सनसनी फैला दी है। शनिवार सुबह झील में एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पर मल्लीताल पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को बाहर निकाला। मृतक की पहचान ऑल सेंट्स कॉलेज कंपाउंड निवासी महेंद्र चौहान के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह स्थानीय लोगों ने नैनी झील में एक शव उतराता देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकालकर उसकी शिनाख्त कराई। सूचना मिलने पर परिजन भी घटनास्थल पहुंचे और शव की पहचान महेंद्र चौहान के रूप में की।
मृतक के बेटे ने बताया कि शुक्रवार देर रात करीब एक बजे उनके पिता घर से शौचालय जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटे। पूरी रात परिजनों और परिचितों ने उनकी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार सुबह नैनी झील से शव मिलने की सूचना मिली।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
गौरतलब है कि शुक्रवार को भी नैनी झील से स्थानीय निवासी मनीष शाह का शव बरामद हुआ था। लगातार दो दिनों में झील से दो शव मिलने की घटनाओं ने शहरवासियों की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस दोनों मामलों की अलग-अलग जांच कर रही है।



