उत्तराखण्ड

मोहब्बेवाला में फिर हादसा, रंबल स्ट्रिप के बाद बेकाबू ट्रक गर्ल्स हॉस्टल में घुसा

देहरादून। थाना क्लेमेंटटाउन क्षेत्र के मोहब्बेवाला में एक बार फिर सड़क हादसा हुआ है। शुक्रवार सुबह नेशनल हाईवे से देहरादून की ओर आ रहा ईंटों से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर गर्ल्स हॉस्टल की दीवार तोड़ते हुए अंदर जा घुसा और पलट गया। हादसे के बाद हॉस्टल और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, दुर्घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

सूचना मिलने पर क्लेमेंटटाउन पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक में फंसे चालक को बाहर निकालकर उपचार के लिए भेजा। पुलिस ने बाद में क्रेन की मदद से ट्रक को भी मौके से हटवाया।

जानकारी के अनुसार ट्रक चालक मशरूर मुजफ्फरनगर से ईंटों से भरा ट्रक लेकर देहरादून आ रहा था। नेशनल हाईवे से शहर की ओर प्रवेश के दौरान ढलान पर बनाए गए रंबल स्ट्रिप से ट्रक के उछलने के बाद ब्रेक फेल होने की बात चालक ने बताई। इसके बाद करीब 200 मीटर आगे जाकर ट्रक सड़क किनारे स्थित गर्ल्स हॉस्टल की दीवार तोड़ते हुए अंदर घुस गया और पलट गया।

ट्रक चालक मशरूर के मुताबिक, रंबल स्ट्रिप के कारण ट्रक की गति कम हुई थी, लेकिन उनके ऊपर से गुजरने के दौरान ट्रक में काफी उछाल आया। इसके बाद ब्रेक फेल हो गए। सड़क पर किसी तरह की जनहानि न हो, इसके लिए उसने ट्रक को सड़क किनारे मोड़ दिया, जिसके बाद ट्रक हॉस्टल की दीवार तोड़कर अंदर जा घुसा।

गौरतलब है कि मोहब्बेवाला क्षेत्र में कुछ दिन पहले भी दर्दनाक सड़क हादसा हुआ था, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और तीन लोग घायल हुए थे। हादसे के बाद देहरादून एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल और जिलाधिकारी आशीष चौहान ने मौके का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नेशनल हाईवे से आगे ढलान वाले हिस्से में वाहनों की गति कम करने के लिए रंबल स्ट्रिप बनाने के निर्देश दिए थे।

प्रशासन की ओर से सड़क पर रंबल स्ट्रिप लगाए जाने के बाद वाहनों की गति कम होने की बात सामने आई है, लेकिन कुछ वाहन चालकों का कहना है कि रंबल स्ट्रिप से गुजरते समय वाहनों में काफी उछाल आ रहा है। शुक्रवार को हुए हादसे में भी ट्रक चालक ने रंबल स्ट्रिप को हादसे का कारण बताया है। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।

थाना क्लेमेंटटाउन प्रभारी लोकपाल परमार ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और चालक को बाहर निकालकर उसका उपचार कराया गया। क्रेन की मदद से ट्रक को भी हटा दिया गया। हादसे में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई है।

रंबल स्ट्रिप सड़क पर बने छोटे-छोटे उभरे हुए या खांचेदार हिस्से होते हैं। इनके ऊपर से वाहन गुजरने पर पहियों में कंपन और आवाज होती है, जिससे वाहन चालक को गति कम करने के लिए सतर्क किया जाता है। आमतौर पर टोल प्लाजा, चौराहों, खतरनाक मोड़ों या ऐसे स्थानों से पहले रंबल स्ट्रिप लगाए जाते हैं, जहां वाहनों की गति नियंत्रित करना जरूरी होता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button