उत्तराखण्ड

शहीद को सम्मान, मसूरी को विकास की सौगात: CM धामी ने ₹17.80 करोड़ की परियोजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास

देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की ओर से मसूरी विधानसभा क्षेत्र में करीब 17.80 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं को नई गति मिली है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को पुरकुल में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने शहीद दीपक पुण्डीर की स्मृति में निर्मित आधुनिक सामुदायिक भवन का लोकार्पण भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार और एमडीडीए केवल आधारभूत सुविधाओं का विस्तार नहीं कर रहे, बल्कि स्थानीय जरूरतों और जनभावनाओं के अनुरूप विकास का नया मॉडल तैयार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास के नए दौर में आगे बढ़ रहा है और शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य किए जा रहे हैं।

 

पुरकुल में करीब 3.36 करोड़ रुपये की लागत से बने शहीद दीपक पुण्डीर स्मृति सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया गया। साथ ही सालावाला में सड़क एवं पुस्ता निर्माण (86 लाख रुपये), डोभालवाला में सड़क और नाली निर्माण (1.32 करोड़ रुपये), विजय कॉलोनी में सड़क एवं नाली निर्माण (1.32 करोड़ रुपये) तथा सालावाला में 2.50 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नए सामुदायिक भवन का शिलान्यास भी किया गया।

 

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि मसूरी विधानसभा क्षेत्र में सैन्य धाम, मसूरी रोपवे के लोअर टर्मिनल तक लगभग 13 किलोमीटर सड़क का उच्चीकरण, जल जीवन मिशन के तहत पेयजल योजनाओं का विस्तार, मालदेवता से सुआखोली तक सड़क सुदृढ़ीकरण, सहस्त्रधारा क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा कार्य और अन्य आधारभूत परियोजनाओं पर भी तेजी से काम किया जा रहा है।

 

उन्होंने कहा कि सरकार “बिना रुके, बिना थके” विकास के संकल्प के साथ काम कर रही है। समान नागरिक संहिता, नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया जैसी पहलें सुशासन की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं। साथ ही स्टार्टअप नीति, एक जनपद-दो उत्पाद, हाउस ऑफ हिमालयाज और होमस्टे जैसी योजनाओं से स्वरोजगार को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

 

कैबिनेट मंत्री एवं मसूरी विधायक गणेश जोशी ने कहा कि एमडीडीए की विकास योजनाओं से मसूरी विधानसभा क्षेत्र में सड़क, नाली, सामुदायिक भवन और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा, जिससे लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

 

एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र की जरूरतों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रहा है, ताकि मसूरी विधानसभा का संतुलित और समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button