IIT रुड़की का पूर्व छात्र निकला ‘फर्जी बाबा’, मथुरा पुलिस ने किया गिरफ्तार

रुड़की। उत्तर प्रदेश के मथुरा में खुद को आध्यात्मिक गुरु और कृष्ण अवतार बताकर ऑनलाइन गीता प्रवचन देने वाले आईआईटियन बाबा उर्फ अभिषेक मिश्रा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर युवतियों को अपने प्रभाव में लेकर उनका यौन शोषण करने, आपत्तिजनक वीडियो और तस्वीरें बनाकर ब्लैकमेल करने के गंभीर आरोप लगे हैं।
पुलिस के अनुसार, छत्तीसगढ़ की एक युवती की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसे आश्रम में नशीला पदार्थ मिलाकर दूध पिलाया गया, जिसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया गया। घर लौटने के बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आश्रम में छापेमारी की, जहां दो अन्य युवतियां भी मिलीं। जांच में उनके नशे की लत से ग्रसित होने की बात सामने आई है। पुलिस को आरोपी के पास से बड़ी मात्रा में डिजिटल सामग्री भी मिली है, जिसकी जांच की जा रही है।
अभिषेक मिश्रा मूल रूप से ओडिशा का रहने वाला बताया जा रहा है और वह पूर्व में IIT रुड़की का छात्र रह चुका है। जांच एजेंसियां उसके बैंक खातों, सोशल मीडिया नेटवर्क और अन्य डिजिटल दस्तावेजों की पड़ताल कर रही हैं। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के संपर्क में कितनी युवतियां आईं और कथित नेटवर्क कितना बड़ा है।
सूत्रों के अनुसार, रुड़की में भी आरोपी के खिलाफ पूर्व में एक युवती द्वारा शिकायत किए जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि इस मामले में हुई कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। हरिद्वार ग्रामीण के एसएसपी शेखर चंद्र सुयाल ने कहा कि मथुरा पुलिस ने संपर्क किया है और जांच में पूरा सहयोग दिया जाएगा।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि कॉलेज के समय से ही अभिषेक मिश्रा का सहपाठियों के बीच प्रभाव था। कथित तौर पर उसने इसी प्रभाव का इस्तेमाल कर खुद को आध्यात्मिक मार्गदर्शक के रूप में स्थापित किया और कई युवतियों को अपने जाल में फंसाया।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी।




