उत्तराखण्ड

लक्सर थाने के बाहर व्यक्ति ने खुद को लगाई आग, पुलिसकर्मियों ने बचाई जान

लक्सर। हरिद्वार जिले की लक्सर कोतवाली में मंगलवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक व्यक्ति ने थाने के प्रवेश द्वार पर खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल हवालात के कंबल डालकर आग बुझाई और व्यक्ति की जान बचाई। घटना में वह आंशिक रूप से झुलस गया, जिसे उपचार के लिए सीएचसी लक्सर भेजा गया।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम एक व्यक्ति काले रंग की मोटरसाइकिल संख्या UK 08 BH 0865 से लक्सर कोतवाली पहुंचा। बताया गया कि उसने पहले से ही अपने शरीर पर तेल जैसा ज्वलनशील पदार्थ डाल रखा था। थाने के प्रवेश द्वार के बाईं ओर बाइक खड़ी करने के बाद उसने माचिस से खुद को आग लगा ली।

आग लगते ही थाना कार्यालय में मौजूद दिवसाधिकारी उप निरीक्षक रोहित कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हवालाती कंबल डालकर आग बुझाई। तब तक व्यक्ति आंशिक रूप से झुलस चुका था। प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी ने पुलिसकर्मियों और मौके पर मौजूद शिकायतकर्ताओं के सामने उससे नाम-पता पूछा। व्यक्ति ने अपना नाम नारायण उर्फ नीटू पुत्र तेजपाल, निवासी मुंडाखेड़ा खुर्द बताया।

शुरुआत में आग लगाने का कारण पूछने पर नारायण ने पुलिस को बताया कि उसका अपने भाई के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। उसका आरोप था कि उसके भाई ने उसकी जमीन का फर्जी तरीके से बैनामा करा दिया है। उसने बताया कि सोमवार को इस मामले को लेकर गांव में पंचायत भी हुई थी, लेकिन किसी ने उसका साथ नहीं दिया। पुलिस के पूछने पर उसने इस संबंध में थाने में कोई शिकायत देने से इनकार किया।

इसके बाद उप निरीक्षक शहजाद अली और उप निरीक्षक यशबीर सिंह नेगी ने उसे निजी वाहन से उपचार के लिए सीएचसी लक्सर पहुंचाया। मामले की जांच वरिष्ठ उप निरीक्षक राजेश बिष्ट को सौंपी गई है। घटना की सूचना उच्चाधिकारियों को भी दे दी गई है।

अस्पताल में तहसीलदार लक्सर के समक्ष दिए गए बयान में नारायण ने आग लगाने की वजह को लेकर अलग आरोप लगाए। डाइंग डिक्लेरेशन में उसने बताया कि उसने खुद पर डीजल डालकर आग लगाई थी। उसका आरोप है कि उसके साले ईश्वर सिंह ने उससे 30 लाख रुपये नकद लिए थे। नारायण के मुताबिक, उसने साले से रुपये वापस करने या उसके बदले जमीन देने को कहा था, जिस पर कथित तौर पर उसे कहीं जाकर मर जाने की बात कही गई।

नारायण ने अपने बयान में आरोप लगाया कि साले और एक अन्य व्यक्ति से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया। पुलिस अब उसके दोनों बयानों को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उप निरीक्षक शहजाद अली ने बताया कि थाने के प्रवेश द्वार पर एक व्यक्ति ने खुद को आग लगा ली थी। पुलिसकर्मियों की तत्परता से आग बुझाकर उसकी जान बचाई गई। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button