हाई सिक्योरिटी जोन में मंदिर से चांदी का छत्र चुराने वाला आरोपी गिरफ्तार, 2 दिन में दून पुलिस का खुलासा

देहरादून: राजधानी देहरादून के हाई सिक्योरिटी जोन में स्थित श्री राधा कृष्ण मंदिर से चांदी का छत्र चोरी करने वाले आरोपी को डालनवाला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया चांदी का छत्र भी बरामद कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
यह चोरी 26 जून को दिलाराम बाजार स्थित श्री राधा कृष्ण मंदिर में हुई थी, जहां दिनदहाड़े शिवलिंग पर लगा चांदी का छत्र चोरी कर लिया गया था। घटना इसलिए भी चर्चा में रही क्योंकि मंदिर से कुछ ही दूरी पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी का सरकारी आवास, राजभवन और मुख्यमंत्री आवास स्थित हैं। हाई सिक्योरिटी जोन में हुई इस चोरी ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए थे।
मंदिर प्रबंधक की शिकायत पर दर्ज हुआ मुकदमा
मंदिर के प्रबंधक अरविंद प्रसाद ने 26 जून को कोतवाली डालनवाला में अज्ञात चोर के खिलाफ तहरीर दी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी और मुखबिर की मदद से आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। लगातार की गई जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने नया गांव रोड, हाथीबड़कला के पास से आरोपी योगेश सेमवाल को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी किया गया चांदी का छत्र भी बरामद हुआ।
नशे की लत के लिए की थी चोरी
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उसने मंदिर से चांदी का छत्र चोरी किया था। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।




