फैंसी नंबर प्लेट पर नींबू-मिर्च लगाकर छिपाया पंजीकरण नंबर, पुलिस ने काटा 10,500 का चालान

हल्द्वानी: वाहन की नंबर प्लेट से छेड़छाड़ कर पहचान छिपाने वालों के खिलाफ नैनीताल पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। चेकिंग के दौरान कोई पिछली नंबर प्लेट हटाकर बाइक चलाता मिला तो किसी ने कार की फैंसी नंबर प्लेट पर नींबू-मिर्च लगाकर पंजीकरण नंबर छिपा रखा था।
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर जिले में यातायात और थाना पुलिस की ओर से सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान पिछली नंबर प्लेट हटाकर चल रही एक मोटरसाइकिल पकड़ी गई। पुलिस ने बाइक को सीज कर दिया।
वहीं, एक कार की आगे लगी फैंसी नंबर प्लेट पर चालक ने नींबू-मिर्च लगा रखी थी, जिससे पंजीकरण नंबर स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहा था। पुलिस ने इस मामले में कार का 10,500 रुपये का चालान किया।
पुलिस ने नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई के साथ यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 244 वाहनों के चालान किए। इनसे 53,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
एसपी यातायात डॉ. जगदीश चंद्र ने कहा कि वाहनों की पहचान छिपाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।




