ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई टैक्सी, चालक की मौत; तीन लोग घायल

खटीमा: चंपावत जिले के टनकपुर-बिचई क्षेत्र में शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक टैक्सी कार आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। हादसे में टैक्सी चालक की मौत हो गई, जबकि ट्रैक्टर में सवार तीन लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट निवासी हरीश (34) पुत्र मोहन राम टैक्सी से सवारियों को छोड़कर टनकपुर लौट रहे थे। सुबह करीब 7:30 बजे बिचई स्थित सेल्स टैक्स कार्यालय के पास उनकी टैक्सी अचानक अनियंत्रित होकर आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि टैक्सी का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से चालक को वाहन से बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस के जरिए उप जिला अस्पताल टनकपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौत हुई।
हादसे में ट्रैक्टर चालक दयाराम, उनकी पत्नी रामवती और राजेश्वरी घायल हो गए। तीनों को उपचार के लिए उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गौरतलब है कि चंपावत जिले में लगातार दूसरे दिन बड़ा सड़क हादसा हुआ है। इससे पहले बाराकोट क्षेत्र में एक कार के खाई में गिरकर आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई थी। लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं ने क्षेत्र में चिंता बढ़ा दी है।




