उत्तराखण्डचमोली

गहरी खाई में गिरी कार, पूर्व सैनिक की मौत; 3 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन

चमोली: नंदकेशरी-चिड़िगा सड़क मार्ग पर शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पूर्व सैनिक की मौत हो गई। कार करीब 150 मीटर गहरी खाई में गिर गई, जिसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने करीब तीन घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद शव को बाहर निकाला।

मिली जानकारी के अनुसार कोठी गांव निवासी 43 वर्षीय दर्शन सिंह शुक्रवार रात अपनी कार से चिड़िगा गांव से घर लौट रहे थे। इसी दौरान नंदकेशरी से करीब एक किलोमीटर पहले वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही चिड़िगा, चेपडों और कोठी गांव के बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन कार के अंदर शव फंसे होने के कारण रेस्क्यू कार्य काफी मुश्किल रहा।

स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से शव को स्ट्रेचर में बांधकर रस्सियों के सहारे खाई से ऊपर खींचा गया। कड़ी मशक्कत के बाद करीब तीन घंटे के रेस्क्यू के बाद रात करीब 12 बजे शव को सड़क तक लाया जा सका।

इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली पहुंचाया गया। परिजनों ने पोस्टमार्टम थराली अस्पताल में ही कराने का अनुरोध किया है।

मृतक दर्शन सिंह अपने पीछे माता-पिता, पत्नी और दो बेटों को छोड़ गए हैं। इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button