छठ पर्व पर 16 नवंबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग, बिहार महासभा ने सरकार से की अपील

देहरादून: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ हो गई है। पर्व को लेकर राजधानी देहरादून में भी तैयारियां तेज हो गई हैं। बिहार महासभा उत्तराखंड की ओर से टपकेश्वर महादेव मंदिर, प्रेमनगर और मालदेवता स्थित छठ घाटों पर साफ-सफाई और मरम्मत का कार्य पूरा करा लिया गया है। वहीं, बिहारी महासभा ने सरकार से 16 नवंबर को छठ पूजा के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग की है।
चार दिवसीय छठ महापर्व के दूसरे दिन 14 नवंबर को खरना की परंपरा निभाई गई। इस दिन व्रतियों ने दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को खीर का प्रसाद ग्रहण किया। अब 15 नवंबर की शाम को श्रद्धालु अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य देंगे। इसके बाद 16 नवंबर को उगते सूर्य को उषा अर्घ्य देने के साथ पर्व का समापन होगा।
छठ पूजा को देखते हुए बिहारी महासभा की ओर से विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। घाटों की सफाई के साथ क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत भी कराई गई है, ताकि व्रती महिलाओं को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
बिहारी महासभा के अध्यक्ष लल्लन सिंह ने बताया कि टपकेश्वर घाट पर व्रती महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, भोजपुरी गीत-संगीत और सुबह अलाव की व्यवस्था की गई है। प्रेमनगर नदी और चंद्रमणि घाट पर भी श्रद्धालुओं के लिए इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने बताया कि टपकेश्वर घाट पर करीब छह से सात हजार, प्रेमनगर नदी पर 20 हजार और चंद्रमणि घाट पर करीब आठ हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है।
लल्लन सिंह ने कहा कि छठ ऐसा पर्व है, जिसमें डूबते और उगते दोनों सूर्य की उपासना की जाती है। उन्होंने सरकार से 16 नवंबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग करते हुए कहा कि सरकारी और निजी संस्थानों में काम करने वाले श्रद्धालुओं को व्रत और पूजा के दौरान ड्यूटी करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में सरकार को श्रद्धालुओं की आस्था और भावनाओं को ध्यान में रखते हुए अवकाश घोषित करना चाहिए।
वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने छठ पूजा के अवसर पर प्रदेशवासियों, विशेषकर पूर्वांचल समाज के लोगों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छठ पूजा भारतीय संस्कृति, लोक आस्था, पवित्रता और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का अनुपम पर्व है। भगवान सूर्य और छठी मइया की आराधना का यह पर्व प्रकृति संरक्षण, अनुशासन, संयम और समर्पण का संदेश देता है।




