उत्तराखण्ड

हरकी पैड़ी के पास अव्यवस्था देख भड़के डीएम, अवैध दुकानों पर चला प्रशासन का डंडा

हरिद्वार: 30 जुलाई से शुरू होने वाले कांवड़ मेले की तैयारियों का निरीक्षण करने पहुंचे जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने हरकी पैड़ी के समीप पंतदीप पार्किंग में भारी अव्यवस्थाएं मिलने पर कड़ा रुख अपनाया। निरीक्षण के दौरान पार्किंग क्षेत्र में अवैध दुकानें, गंदगी और लावारिस पशु मिलने पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों को मौके पर ही फटकार लगाई। साथ ही पार्किंग संचालक पर एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया।

 

मुख्य सचिव आनंद वर्धन की अंतरराज्यीय समन्वय बैठक के बाद शनिवार को डीएम और एसएसपी ने बैरागी कैंप, दीनदयाल पार्किंग, रोड़ीबेलवाला और पंतदीप पार्किंग सहित विभिन्न मेला स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नगर निगम, सिंचाई विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

 

पंतदीप पार्किंग में सैकड़ों अवैध दुकानें संचालित होती मिलीं। हरकी पैड़ी जाने वाले मार्ग पर फेरीवालों का अतिक्रमण, चारों ओर फैली गंदगी और लावारिस पशुओं की मौजूदगी पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के दौरान डीएम और एसएसपी को देखते ही अवैध दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई। अधिकारियों और पार्किंग कर्मचारियों ने तत्काल अवैध दुकानें हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी। डीएम ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्वयं मौके की तस्वीरें भी लीं ताकि बाद में प्रगति की समीक्षा की जा सके।

 

बैरागी कैंप में निर्माणाधीन अस्थायी पार्किंग का निरीक्षण करते हुए डीएम ने ठेकेदारों को टेंडर की शर्तों के अनुरूप बिजली, पानी, सड़क और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्य में लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि कांवड़ मेले की सभी तैयारियों की लगातार निगरानी की जा रही है। पंतदीप पार्किंग में मिली अनियमितताओं पर कार्रवाई की गई है और भविष्य में अतिक्रमण रोकने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) का गठन भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button