उत्तराखण्डदेहरादून

देहरादून में ‘चार साल बेमिसाल’ कार्यक्रम को लेकर ट्रैफिक प्लान जारी, कई रूट डायवर्ट

देहरादून: Parade Ground में 23 मार्च को आयोजित होने वाले “चार साल बेमिसाल” कार्यक्रम के मद्देनज़र पुलिस प्रशासन ने शहर में विस्तृत ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी किया है। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न रूटों से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग मार्ग और पार्किंग व्यवस्था तय की गई है, ताकि यातायात सुचारु बना रहे।

मसूरी-राजपुर रोड से आने वाले वाहन

मसूरी डायवर्जन से ग्रेट वैल्यू, बहल चौक, सर्वे चौक होते हुए कॉन्वेंट तिराहे तक वाहनों को ड्रॉप किया जाएगा। पार्किंग के लिए बन्नू स्कूल निर्धारित किया गया है, जबकि पिकअप पॉइंट आईआरडीटी के पास रहेगा।

विकासनगर-चकराता रूट डायवर्ट

इस रूट से आने वाले वाहन बल्लूपुर, किशननगर, बिंदाल, घंटाघर होते हुए दर्शनलाल चौक से लैंसडाउन चौक तक पहुंचेंगे। यहां से ड्रॉप के बाद बन्नू स्कूल पार्किंग में वाहन खड़े किए जाएंगे। पिकअप पॉइंट कनक चौक रहेगा।

आईएसबीटी-रुड़की रूट की व्यवस्था

आईएसबीटी से आने वाले वाहन कारगी चौक, पुरानी बाईपास, धर्मपुर होते हुए बुद्धा चौक तक पहुंचेंगे। यहां ड्रॉप के बाद रेसकोर्स पार्किंग का उपयोग किया जाएगा। पिकअप पॉइंट बुद्धा चौक रहेगा।

रायपुर और डोईवाला रूट पर बदलाव

रायपुर से आने वाले वाहन चूनाभट्टा से आईआरडीटी के पास ड्रॉप होंगे और पार्किंग ईसी रोड से बन्नू स्कूल में होगी। वहीं डोईवाला से आने वाले वाहन रिस्पना, धर्मपुर, सीएमआई होते हुए लैंसडाउन चौक तक वन-साइड पार्किंग में लगाए जाएंगे।

सहस्त्रधारा रोड से आने वाले वाहन

सहस्त्रधारा क्रॉसिंग से सर्वे चौक और कॉन्वेंट तिराहे तक वाहनों को डायवर्ट कर रेसकोर्स और बन्नू स्कूल पार्किंग में भेजा जाएगा।

विक्रम और सिटी बसों के लिए डायवर्जन

विक्रम वाहनों के लिए अलग-अलग रूट डायवर्जन तय किए गए हैं, जिनमें कई रूटों पर वाहनों को बीच से ही वापस भेजा जाएगा। सिटी बसों को भी दर्शनलाल चौक, घंटाघर, सहस्त्रधारा और आईटी पार्क जैसे वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा।

पार्किंग की विशेष व्यवस्था

बसों के लिए गुरुद्वारा ग्राउंड रेसकोर्स, रेंजर्स ग्राउंड और गुरुनानक स्कूल मैदान में पार्किंग तय की गई है। वहीं कार और दोपहिया वाहनों के लिए रेंजर्स ग्राउंड, काबुल हाउस, कनक चौक मल्टीलेवल पार्किंग, मंगला देवी स्कूल समेत कई स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

बैरियर और एंट्री सिस्टम लागू

परेड ग्राउंड के आसपास आउटर और इनर बैरियर लगाए जाएंगे। आउटर बैरियर से केवल वीआईपी और पासधारक वाहनों को सीमित प्रवेश मिलेगा, जबकि इनर बैरियर से आम वाहनों की एंट्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।

पैदल पहुंचना होगा कार्यक्रम स्थल तक

आम नागरिकों को निर्धारित ड्रॉप पॉइंट पर उतरकर पैदल ही कार्यक्रम स्थल तक पहुंचना होगा। प्रवेश के लिए पवेलियन ग्राउंड और भाजपा कार्यालय के पास बनाए गए गेट का उपयोग किया जाएगा।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट प्लान का पालन करें और अनावश्यक परेशानी से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button