उत्तराखण्ड

रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल स्थगित, 4 नवंबर तक मिलेगा अगस्त का वेतन और दिवाली बोनस

देहरादून। उत्तराखंड परिवहन निगम के कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल फिलहाल स्थगित हो गई है। 30 अक्टूबर से अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर डटे रोडवेज कर्मचारियों की शनिवार को परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा के साथ बैठक हुई। इसमें कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों ने विभिन्न मांगों पर चर्चा की। बैठक में कई मांगों पर सहमति बनने के बाद कर्मचारियों ने अपनी हड़ताल एक दिसंबर तक स्थगित करने का निर्णय लिया है।

बैठक में तय किया गया कि निगम कर्मचारियों को 4 नवंबर तक अगस्त महीने का वेतन दीपावली बोनस सहित जारी कर दिया जाएगा। इसके बाद नवंबर के अंत तक सितंबर महीने के वेतन का भुगतान किया जाएगा। कर्मचारियों ने पिछले तीन महीने से वेतन नहीं मिलने का मुद्दा उठाते हुए हर महीने की सात तारीख तक वेतन भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की। इस पर वेतन भुगतान व्यवस्था के स्थायी समाधान की दिशा में काम करने पर सहमति बनी।

निगम की आर्थिक स्थिति और पुरानी देनदारी पर चर्चा

बैठक में परिवहन निगम की आर्थिक स्थिति पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि छात्रों, बुजुर्गों और अन्य पात्र लोगों को निशुल्क यात्रा की सुविधा देने पर होने वाला खर्च शासन की ओर से निगम को दिया जाता है, लेकिन इस धनराशि के भुगतान में करीब दो महीने का समय लग जाता है। इससे निगम की आर्थिक स्थिति प्रभावित होती है।

परिवहन विभाग के सचिव ने कहा कि निगम पर करोड़ों रुपये की पुरानी देनदारी है। इसके स्थायी समाधान के लिए वित्त विभाग से बातचीत कर एकमुश्त समाधान निकालने की जरूरत है।

समान काम-समान वेतन के प्रस्ताव पर सहमति

कर्मचारी संगठनों ने संविदा और विशेष श्रेणी के कर्मचारियों को समान काम के लिए समान वेतन देने का मुद्दा भी उठाया। इस पर सहमति बनी कि इससे संबंधित प्रस्ताव तैयार कर शासन और निगम बोर्ड को भेजा जाएगा।

इसके अलावा संविदा और विशेष श्रेणी के कर्मचारियों का मानदेय बढ़ाने के प्रस्ताव को भी बोर्ड के समक्ष रखने पर सहमति बनी। कर्मचारियों ने नियमितीकरण की मांग भी उठाई। इस पर परिवहन मंत्री ने मामले में आगे कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

निजी बसों के परमिट और बस बेड़े के विस्तार की मांग

बैठक में निगम के निर्धारित रूटों पर निजी बसों को परमिट देने का मुद्दा भी उठाया गया। कर्मचारी संगठनों ने मांग की कि निगम के निर्धारित रूटों पर निजी बसों का संचालन नहीं किया जाए। इसके साथ ही निगम के बस बेड़े का विस्तार करने की मांग भी रखी गई, ताकि निगम की आय बढ़ाई जा सके।

एक दिसंबर तक स्थगित की हड़ताल

उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन के महामंत्री अशोक चौधरी ने बैठक को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि कर्मचारी संगठनों की मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाया गया है। परिवहन मंत्री ने मांगों को जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि परिवहन निगम की ओर से कार्यक्रम जारी होने के बाद यूनियन उसका अध्ययन करेगी और आगे का निर्णय लेगी। फिलहाल अनिश्चितकालीन हड़ताल को एक दिसंबर तक स्थगित कर दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button