उत्तराखण्ड

रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल खत्म कराने के लिए सरकार सक्रिय, परिवहन मंत्री ने बुलाई बैठक

देहरादून। दीपावली के त्योहारी सीजन में उत्तराखंड रोडवेज कर्मचारियों की बेमियादी हड़ताल शुरू होने के बाद सरकार सक्रिय हो गई है। निगम प्रबंधन के साथ गुरुवार को हुई वार्ता विफल रहने के बाद कर्मचारी शुक्रवार सुबह से हड़ताल पर चले गए। इससे प्रदेश में रोडवेज बसों का संचालन प्रभावित हो रहा है। हड़ताल समाप्त कराने और कर्मचारियों की मांगों पर सहमति बनाने के लिए परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने शनिवार को बैठक बुलाई है।

उत्तराखंड परिवहन निगम के महाप्रबंधक (तकनीकी) भूपेश आनंद कुशवाहा की ओर से शुक्रवार शाम जारी पत्र के अनुसार, परिवहन मंत्री की अध्यक्षता में शनिवार दोपहर तीन बजे यमुना कॉलोनी स्थित शासकीय आवास आर-02 में बैठक होगी।

बैठक में रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद, उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन, उत्तराखंड रोडवेज इंप्लाइज यूनियन और उत्तरांचल परिवहन मजदूर संघ के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। इसमें कर्मचारी संगठनों की ओर से दिए गए मांगपत्रों के विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की जाएगी। सभी संगठनों को अधिकतम दो-दो पदाधिकारियों को बैठक में भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

गौरतलब है कि निगम प्रबंधन के साथ बातचीत बेनतीजा रहने के बाद अब सरकार के स्तर पर वार्ता की पहल की गई है। ऐसे में शनिवार को होने वाली बैठक अहम मानी जा रही है। इसमें मांगों पर सहमति बनती है या नहीं, इसी पर रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल का भविष्य निर्भर करेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button