बदरीनाथ से लौट रहा हेलीकॉप्टर चमोली में क्रैश, छह लोग थे सवार; सभी के हताहत होने की आशंका

देहरादून। बदरीनाथ धाम से देहरादून के सहस्रधारा लौट रहा एक हेलीकॉप्टर शुक्रवार को चमोली जिले में क्रैश हो गया। हादसे में पायलट समेत छह लोग सवार थे। हेलीकॉप्टर का मलबा जोशीमठ के पास चाई गांव के नजदीक मिलने की सूचना है। हादसे के बाद सभी छह लोगों के हताहत होने की आशंका जताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर के हादसे की सूचना मिलने के बाद उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा), पुलिस और प्रशासन की टीमें सक्रिय हो गईं। खराब मौसम के बीच राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है। हादसे के बाद पायलट से संपर्क करने की कोशिश की गई थी, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया। हेलीकॉप्टर की लोकेशन तलाशने के लिए ड्रोन की मदद भी ली गई।
पायलट समेत छह लोग थे सवार
हेलीकॉप्टर में पायलट कैप्टन हिमांशु के अलावा पांच यात्री सवार थे। यात्रियों की पहचान प्रताप, अरुण, शंकर गौड़ा, सुधीर के और एचएस नटराज के रूप में बताई गई है। हादसे के बाद से सभी छह लोगों की स्थिति को लेकर चिंता बनी हुई है।




