उत्तराखण्ड

हरिद्वार में विश्वविद्यालय परिसर में हंगामा, कुलसचिव के साथ मारपीट से मचा हड़कंप

हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में कर्मचारियों और प्रशासन के बीच कई दिनों से चल रहा विवाद शनिवार को हिंसक हो गया। कुलपति कार्यालय के बाहर कुलसचिव सत्यदेव निगमालंकार के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि कुछ लोगों ने उन्हें घेरकर जमीन पर गिरा दिया और जमकर पीटा। घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की जानकारी मिलने पर कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा स्वयं घायल कुलसचिव को लेकर कनखल कोतवाली पहुंचीं। पुलिस की मौजूदगी में उनका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। वहीं, कर्मचारी यूनियन से जुड़े लोग भी मेडिकल परीक्षण के लिए कोतवाली पहुंचे, जिससे दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी रही।

कई दिनों से चल रहा था कर्मचारियों का आंदोलन

जानकारी के अनुसार, गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में कर्मचारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर पिछले कई दिनों से आंदोलन कर रहे थे। इस दौरान कर्मचारी यूनियन और विश्वविद्यालय प्रशासन के बीच लगातार तनातनी बनी हुई थी। आंदोलन के चलते परिसर में तनाव का माहौल था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात कर्मचारियों का आंदोलन समाप्त हुआ था। इसके अगले ही दिन शनिवार को कुलसचिव के साथ मारपीट की घटना हो गई।

प्रत्यक्ष घटनाक्रम के अनुसार, कुलपति कार्यालय के बाहर कुछ लोगों ने कुलसचिव को घेर लिया और उन्हें जमीन पर गिराकर पीटा। मारपीट में वह घायल हो गए। इसके बाद कुलपति उन्हें अपने साथ कनखल कोतवाली ले गईं।

फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। मारपीट में शामिल लोगों और घटना के कारणों को लेकर जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button