उत्तराखण्ड

केदारताल ट्रेक पर हिमस्खलन से मचा हड़कंप, 8 लोग भोज खड़क के आगे फंसे;SDRF और NDRF की टीमें तैनात

उत्तरकाशी। उत्तराखंड के केदारताल क्षेत्र में हिमस्खलन के कारण ट्रेकिंग मार्ग अवरुद्ध हो गया है। इसके चलते ट्रेकिंग के लिए गए आठ लोग भोज खड़क के आगे फंस गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन ने बचाव अभियान शुरू कर दिया है। फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू टीमों को रवाना किया गया है। वहीं, जरूरत पड़ने पर हेलीकॉप्टर की मदद लेने पर भी विचार किया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 13 सदस्यीय दल 27 अक्टूबर को गंगोत्री से केदारताल ट्रेक के लिए रवाना हुआ था। इसमें सात ट्रेकर और छह सपोर्ट स्टाफ शामिल थे। दल को 29 अक्टूबर को वापस लौटना था, लेकिन खराब मौसम, ग्लेशियर और बर्फबारी के कारण रास्ता अवरुद्ध हो गया। इसी दौरान हिमस्खलन होने से आठ लोग आगे फंस गए।

चार लोग सुरक्षित, आठ की तलाश जारी

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, दल के साथ गए तीन पोर्टर और एक कुक समेत चार लोगों को कच्ची ढंग के पास सुरक्षित पाया गया है। वहीं, बाकी आठ लोगों तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं। ट्रेकिंग पर गए सात लोगों में से पांच पश्चिम बंगाल और दो उत्तर प्रदेश के बताए जा रहे हैं।

आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दुल गुसाईं के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही बचाव दल को केदारताल के लिए रवाना कर दिया गया। इसके साथ ही बचाव अभियान में एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों को भी तैनात किया जा रहा है। प्रशासन की प्राथमिकता सभी फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है।

हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू की संभावना पर भी विचार

मौसम और दुर्गम पहाड़ी रास्ते को देखते हुए प्रशासन हेलीकॉप्टर की मदद से भी रेस्क्यू करने की संभावना पर विचार कर रहा है। फिलहाल बचाव दल की ओर से फंसे लोगों तक पहुंचने के प्रयास जारी हैं।

गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले शुक्रवार को जोशीमठ क्षेत्र में एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। इस हादसे में पायलट समेत छह लोगों की मौत हो गई थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button