गोपेश्वर में तेज रफ्तार ट्रक का कहर, बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत

चमोली: जिला मुख्यालय गोपेश्वर में मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा लीसा फैक्ट्री बाइपास मोड़ पर हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक बाइक समेत ट्रक के नीचे फंस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान मुकेश नेगी, पुत्र कलम सिंह, निवासी लॉ कॉलेज के पास, गोपेश्वर के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जेसीबी की मदद से युवक और बाइक को ट्रक के नीचे से बाहर निकाला गया और जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रक चालक गवीलो गांव के पास सड़क किनारे खड़े कई वाहनों को टक्कर मारने के बाद गोपेश्वर की ओर भाग रहा था। पुलिस ने पटियालधार चौकी पर उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक कथित तौर पर बैरिकेड्स तोड़कर फरार हो गया। इसके बाद लीसा फैक्ट्री बाइपास मोड़ पर उसने मुकेश नेगी की बाइक को टक्कर मार दी, जिससे यह दर्दनाक हादसा हो गया।
घटना के बाद पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
हादसे के बाद मृतक के परिजनों में शोक की लहर है। वहीं स्थानीय लोगों ने घटना पर नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया कि खनन सामग्री ढोने वाले तेज रफ्तार ट्रकों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं होने के कारण ऐसे हादसे हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ट्रक को रोक लिया जाता तो इस दुर्घटना को टाला जा सकता था।
स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और भविष्य में ऐसे हादसों की रोकथाम के लिए तेज रफ्तार एवं नियमों का उल्लंघन करने वाले भारी वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।




