उत्तराखण्ड

मसूरी की खाई बनी मौत का गड्ढा, कार सवार चार यात्रियों की जान गई

मसूरी: देहरादून जिले के मसूरी क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मसूरी-कोलूखेत झड़ीपानी शॉर्टकट मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और 108 एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया।

 

पुलिस के अनुसार 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से सुबह 9:16 बजे थाना मसूरी को सूचना मिली कि झड़ीपानी रोड स्थित चौकी बार्लोगंज क्षेत्र में एक छोटी कार गहरी खाई में गिर गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ, फायर सर्विस और एंबुलेंस को भी मौके पर बुलाया गया।

 

स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार सफेद रंग की मारुति सिलेरियो कार (DL5CS 4610) सड़क की तीव्र ढलान पर अचानक अनियंत्रित हो गई। बताया जा रहा है कि वाहन के ब्रेक फेल होने के कारण कार तेजी से नीचे की ओर लुढ़क गई और सड़क किनारे खाली प्लॉट से होते हुए गहरी खाई में जा गिरी। हादसे से पहले कार सवारों ने पास की एक दुकान से कुछ सामान भी खरीदा था। बातचीत के दौरान उन्होंने स्वयं को उत्तरकाशी से आने वाला बताया था।

 

पुलिस के मुताबिक कार में चार लोग सवार थे, जिनकी पहचान सत्य प्रकाश (निवासी सोनीपत), मनीत (19 वर्ष), सविता पत्नी धर्मवीर (48 वर्ष, निवासी नेहरू नगर गाजियाबाद) और संगीता पत्नी टीटू (46 वर्ष, निवासी करोलबाग दिल्ली) के रूप में हुई है। हादसे में चारों की मौत हो गई।

 

दुर्घटना स्थल अत्यंत दुर्गम होने और खाई में घनी झाड़ियां होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। एसडीआरएफ की टीम ने रस्सियों और विशेष उपकरणों की मदद से खाई में उतरकर बचाव अभियान चलाया। पुलिस के अनुसार एक महिला का शव खाई से बाहर निकाल लिया गया है, जबकि अन्य शवों को निकालने का कार्य जारी रहा।

 

प्रथम दृष्टया जांच में वाहन के ब्रेक फेल होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि कार करीब 500 मीटर गहरी खाई में गिरी है। मौके पर क्षेत्राधिकारी मसूरी, पुलिस अधीक्षक नगर देहरादून सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। घटना की जानकारी मृतकों के परिजनों को दे दी गई है और वे मसूरी के लिए रवाना हो चुके हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button