रुद्रप्रयाग में दर्दनाक हादसा: भीरी-ककोला मार्ग पर वाहन 250 मीटर गहरी खाई में गिरा, तीन की मौत

रुद्रप्रयाग | रुद्रप्रयाग जिले के भीरी-ककोला मोटर मार्ग पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भीरी से औरिंग की ओर जा रहा एक वाहन अनियंत्रित होकर करीब 250 मीटर गहरी खाई में गिर गया।
हादसे की सूचना मिलते ही उत्तराखंड पुलिस की कोतवाली ऊखीमठ टीम और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीम मौके पर पहुंची।
प्रभारी निरीक्षक मनोज नेगी और एसडीआरएफ पोस्ट अगस्त्यमुनि से उपनिरीक्षक धर्मेंद्र पंवार के नेतृत्व में जवानों ने रात के अंधेरे में खाई में उतरकर संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया।
तीनों सवारों की मौके पर मौत
रेस्क्यू के दौरान वाहन में सवार तीनों लोगों को मृत पाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद दो शवों को खाई से बाहर निकाल लिया गया है, जबकि तीसरे शव को निकालने का प्रयास जारी है।
मृतकों की पहचान नवीन सिंह (30 वर्ष), अंशुल (28 वर्ष) और अमित सिंह (35 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों रुद्रप्रयाग जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।




