हरिद्वार जिला जेल से रिहाई के तुरंत बाद एसओजी कार्यालय पहुंचीं उर्मिला, विभिन्न बिंदुओं पर की जा रही पूछताछ

हरिद्वार। उर्मिला सनावर को शुक्रवार को हरिद्वार जिला कारागार से रिहा कर दिया गया। दो मुकदमों में अदालत से जमानत मिलने के बाद उन्हें जेल से राहत मिली, लेकिन बाहर आते ही देहरादून पुलिस की टीम उन्हें अपने साथ ले गई। पुलिस उन्हें एसओजी कार्यालय लेकर पहुंची, जहां उनसे पूछताछ किए जाने की जानकारी सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक, बीती दो नवंबर को अदालत ने उर्मिला सनावर की जमानत मंजूर कर दी थी। हालांकि, जमानती उपलब्ध नहीं होने के कारण उनकी रिहाई नहीं हो पा रही थी। इस बीच उनकी अधिवक्ता प्रीति सिंह चौहान ने दो साल पहले दर्ज एक अन्य मुकदमे में भी उनकी जमानत कराई। दोनों मुकदमों के जमानती दस्तावेज गुरुवार को न्यायालय में पेश किए गए। कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शुक्रवार को रिहाई का परवाना हरिद्वार जिला जेल पहुंचा। जेल प्रशासन ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर उन्हें रिहा कर दिया।
जेल से बाहर निकलते ही वहां पहले से मौजूद देहरादून पुलिस की टीम ने उर्मिला सनावर से संपर्क किया और उन्हें अपने साथ ले गई। इसके बाद पुलिस उन्हें एसओजी कार्यालय पहुंची, जहां विभिन्न बिंदुओं पर पूछताछ की जा रही है। रिहाई के कुछ ही देर बाद हुई इस कार्रवाई से मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं।
उर्मिला सनावर के खिलाफ हरिद्वार के रानीपुर कोतवाली में दर्ज दोनों मुकदमे पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी दीपिका राठौर ने दर्ज कराए थे। उर्मिला की अधिवक्ता प्रीति सिंह चौहान ने उनके जेल से बाहर आने की पुष्टि की है। वहीं, जेल अधीक्षक मनोज कुमार आर्य ने बताया कि न्यायालय के आदेश के अनुसार उर्मिला सनावर को रिहा कर दिया गया है।




