उत्तराखण्ड

अमित शाह ने उत्तराखंड को दी 1474 करोड़ की योजनाओं की सौगात,समारोह में बोले गृह मंत्री- विकसित भारत का पहला पड़ाव विकसित उत्तराखंड; तीसरी बार भाजपा सरकार बनने का किया दावा

देहरादून। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शुक्रवार को देहरादून पहुंचे। परेड ग्राउंड में आयोजित उत्तराखंड राज्योत्सव समारोह में पहुंचते ही उनका स्वागत ‘मोदी-मोदी’ के नारों से हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों की ओर से उनका स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गृह मंत्री को उत्तराखंड की पारंपरिक टोपी, गंगाजली और समुद्र मंथन का प्रतीक चिह्न भेंट किया। समारोह में उत्तराखंड की विकास यात्रा पर आधारित लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई। अमित शाह ने प्रदेश को 1474 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

अटल ने बनाया, मोदी ने संवारा उत्तराखंड: अमित शाह

गृह मंत्री अमित शाह ने भारत माता की जय के उद्घोष के साथ अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी तक यह आवाज पहुंचनी चाहिए कि उत्तराखंड में तीसरी बार भाजपा की सरकार बन रही है। उन्होंने कहा कि वह गुजरात से आए हैं और उनकी दृढ़ मान्यता है कि जो चारधाम नहीं जाता, उसके लिए मोक्ष का द्वार नहीं खुलता। देवभूमि उत्तराखंड में चारधाम, हेमकुंड साहिब और कुंभ का प्रमुख क्षेत्र हरिद्वार है।

अमित शाह ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि आज उन्हें स्मरण करने का दिन है। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने पर्वतीय क्षेत्र के लोगों की इच्छा के अनुरूप उत्तराखंड को अलग राज्य बनाया। इस दौरान उन्होंने राज्य आंदोलनकारियों और बलिदानियों को नमन किया। शाह ने कहा, “उत्तराखंड को अटल ने बनाया और मोदी ने संवारा।”

उन्होंने कहा कि विकसित भारत का पहला पड़ाव विकसित उत्तराखंड है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड को सबसे पहले विकसित राज्यों की श्रेणी में लाने का संकल्प लेना होगा।

डबल इंजन सरकार में तेजी से आगे बढ़ रहा प्रदेश: धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए प्रदेशवासियों की ओर से केंद्रीय गृह मंत्री का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में आतंकवाद, अलगाववाद और नक्सलवाद के खिलाफ ठोस निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर मिलने पर बधाई दी और कहा कि स्थापना दिवस से पहले गृह मंत्री का मार्गदर्शन मिलना प्रदेश के लिए गौरव की बात है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में उत्तराखंड तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राजनीतिक स्वार्थ के लिए कुछ दल युवाओं को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष में रहने पर राजनीतिक दल जिन चुनावी प्रक्रियाओं का विरोध करते हैं, सत्ता में रहने पर उन्हीं फैसलों को सही बताते हैं।

धामी ने आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं को उत्तराखंड के मान-सम्मान की चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि एक ओर राज्य के लोगों का अपमान किया जाता है, वहीं दूसरी ओर सहयोगी दलों के नेता उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया बताते हैं।

यूसीसी और नकल विरोधी कानून का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि सतत विकास लक्ष्यों में उत्तराखंड को पहला स्थान मिला है। खनन क्षेत्र में भी केंद्र सरकार से सहयोग प्राप्त हुआ है और प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय राष्ट्रीय औसत से अधिक है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। नकल माफिया के खिलाफ कार्रवाई का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि 100 से अधिक लोगों को जेल भेजा गया है। इसके बावजूद विपक्ष के नेता कार्रवाई नहीं होने की बात कहते हैं। धामी ने कहा कि देवभूमि की जनता विकास चाहती है और सरकार इसी दिशा में काम कर रही है।

पुलिस लाइन में उत्तराखंड पुलिस को मिलेगा राष्ट्रपति पुलिस कलर

परेड ग्राउंड में राज्योत्सव समारोह के बाद अमित शाह रेसकोर्स स्थित रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित राजकीय समारोह में शामिल होंगे। यहां उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस निशान यानी प्रेसिडेंट्स कलर से अलंकृत किया जाएगा।

अंकिता न्याय यात्रा से जुड़े कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया

अमित शाह के दौरे के दौरान देहरादून में विरोध प्रदर्शन भी देखने को मिला। गांधी पार्क से गृह मंत्री का विरोध करने जा रहे अंकिता न्याय यात्रा संयुक्त संघर्ष मंच से जुड़े कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। वहीं, गृह मंत्री के परेड ग्राउंड पहुंचने से पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बीती रात कुछ स्थानों पर ‘गो बैक’ के नारे लिखे।

डोईवाला में काले झंडे दिखाकर कांग्रेस का प्रदर्शन

डोईवाला में देहरादून एयरपोर्ट के समीप काले झंडे लेकर प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आसमान में काले गुब्बारे भी छोड़े। कांग्रेस ने अंकिता भंडारी प्रकरण में दुष्यंत गौतम की गिरफ्तारी की मांग को लेकर यह विरोध प्रदर्शन किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button