देहरादून पहुंचने से पहले राहुल गांधी पर अमित मालवीय का हमला, बोले- ‘युवाओं को पूरा सच बताइए’

देहरादून: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे से पहले प्रदेश की सियासत गरमा गई है। देहरादून में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर भाजपा सरकार पर उत्तराखंड को पेपर लीक का “एपिसेंटर” बनाने का आरोप लगाया। राहुल के इस बयान पर भाजपा आईटी सेल के राष्ट्रीय संयोजक अमित मालवीय ने तीखा पलटवार करते हुए कांग्रेस के शासनकाल में हुए कथित भर्ती घोटालों का जिक्र किया और युवाओं के सामने “पूरा सच” रखने की बात कही।
राहुल गांधी पर अमित मालवीय का पलटवार
अमित मालवीय ने सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में लिखा कि देहरादून आने से पहले राहुल गांधी को उत्तराखंड के युवाओं को यह भी बताना चाहिए कि राज्य में भर्ती घोटालों की शुरुआत कब और किसके शासनकाल में हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि एन.डी. तिवारी सरकार के दौरान दरोगा और पटवारी भर्ती में गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगे, जबकि हरीश रावत सरकार के समय यूकेएसएसएससी वीपीडीओ भर्ती, सिडकुल भर्ती और अन्य भर्तियां भी विवादों में रहीं।
धामी सरकार की कार्रवाई का किया जिक्र
मालवीय ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यकाल में जब यूकेएसएसएससी भर्ती घोटाले का मामला सामने आया तो सरकार ने उसे दबाने के बजाय सख्त कार्रवाई की। उन्होंने दावा किया कि राज्य में देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया गया, 100 से अधिक नकल माफियाओं को गिरफ्तार किया गया और भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाया गया। साथ ही पिछले चार वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी नौकरियां मिलने का भी दावा किया।
कांग्रेस पर साधा निशाना
अमित मालवीय ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में भर्ती घोटालों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, जबकि भाजपा सरकार ने कानून बनाकर दोषियों पर कार्रवाई की और व्यवस्था में सुधार किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का युवा भाषण नहीं बल्कि रिकॉर्ड देखता है और युवाओं के भविष्य पर राजनीति करने वालों को पहले अपने शासनकाल का जवाब देना चाहिए।
विजय बहुगुणा के कार्यकाल का नहीं किया उल्लेख
हालांकि, अमित मालवीय ने अपने बयान में कांग्रेस शासनकाल के जिन मुख्यमंत्रियों का जिक्र किया, उनमें करीब दो वर्ष तक मुख्यमंत्री रहे विजय बहुगुणा का नाम शामिल नहीं था। उल्लेखनीय है कि विजय बहुगुणा वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी में हैं।
राहुल गांधी आज शाम देहरादून के बन्नू स्कूल मैदान में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में छात्रों और युवाओं से संवाद करेंगे। उनके दौरे से पहले पेपर लीक और भर्ती घोटालों को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है।




