उत्तराखण्ड

अमित शाह की जनसभा को कांग्रेस ने बताया फ्लॉप, परेड ग्राउंड में भीड़ नहीं जुटने पर कांग्रेस ने भाजपा पर साधा निशाना

देहरादून। राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की जनसभा को कांग्रेस ने फ्लॉप करार दिया है। कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी ने जनसभा को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी, लेकिन इसके बावजूद सम्मानजनक भीड़ नहीं जुटा सकी। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता पिछले दस साल से भाजपा के कथित कुशासन से परेशान है और अब उससे छुटकारा चाहती है।

सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि त्योहार के दिन व्यापारी मंदी के दौर में अपना कारोबार बढ़ाने की उम्मीद कर रहे थे, लेकिन भाजपा के कार्यक्रम के कारण उनका पूरे दिन का व्यापार प्रभावित हुआ। उन्होंने कहा कि जनसभा में भीड़ नहीं जुटने से प्रदेश की जनता का रुख साफ दिखाई दिया है। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि लोग अब भाजपा के जुमलों से छुटकारा चाहते हैं।

अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर भी घेरा

धस्माना ने अमित शाह की जनसभा में अपेक्षित भीड़ नहीं जुटने के पीछे अंकिता भंडारी हत्याकांड को भी एक वजह बताया। उन्होंने कहा कि अंकिता के माता-पिता आज भी संपूर्ण न्याय की मांग कर रहे हैं। कांग्रेस नेता ने इस प्रकरण में सामने आए कथित वीआईपी को कानूनी संरक्षण दिए जाने का आरोप भी लगाया।

अमित शाह के उत्तराखंड में भाजपा की तीसरी बार सरकार बनने के दावे पर कटाक्ष करते हुए धस्माना ने कहा कि भाजपा को हैट्रिक की बात करने के बजाय आने वाले वर्षों में उत्तराखंड से विदाई की तैयारी करनी चाहिए।

एसआईआर और मतदाता सूची को लेकर भाजपा पर आरोप

कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने देशभर में मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों का मुद्दा उठाया है, लेकिन चुनाव आयोग इन सवालों का जवाब नहीं दे पा रहा है। धस्माना ने आरोप लगाया कि जब इस मामले में सवाल पूछे जा रहे हैं तो भाजपा को जवाब देना पड़ रहा है।

उन्होंने दावा किया कि चुनाव आयोग को आगे कर कथित तौर पर मतदाताओं के अधिकार प्रभावित किए जा रहे हैं। कांग्रेस नेता के अनुसार, देशभर में करीब 13 करोड़ से अधिक मतदाताओं को वोट डालने के अधिकार से वंचित कर दिया गया है।

गौरतलब है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने उत्तराखंड दौरे के दौरान परेड ग्राउंड में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर हमला बोला था। अब उनके संबोधन के बाद कांग्रेस ने जनसभा की भीड़ और विभिन्न राजनीतिक मुद्दों को लेकर भाजपा पर पलटवार किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button