उत्तराखण्ड

केदारनाथ यात्रा में ‘बिहार सरकार’ बनकर घूम रही स्कॉर्पियो सीज, अवैध हूटर और नेम प्लेट जब्त

रुद्रप्रयाग: केदारनाथ यात्रा के दौरान वीआईपी रुतबा दिखाने की कोशिश कर रहे एक वाहन चालक पर रुद्रप्रयाग पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। सोनप्रयाग क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक स्कॉर्पियो वाहन पर लगी फर्जी ‘बिहार सरकार’ नेम प्लेट और अवैध हूटर को जब्त कर वाहन को सीज कर दिया।

 

ऑपरेशन प्रहार’ के तहत हुई कार्रवाई

 

चारधाम यात्रा के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों, फर्जी पहचान का इस्तेमाल करने वालों और अवैध वीआईपी संस्कृति पर रोक लगाने के लिए रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत यह कार्रवाई की गई। चेकिंग के दौरान पुलिस ने सफेद रंग की स्कॉर्पियो (BR 01 FT 2735) को रोका, जिस पर बड़े अक्षरों में ‘बिहार सरकार’ लिखा हुआ था और वाहन में हूटर भी लगा था।

 

पूछताछ में खुली पोल

 

पुलिस जांच में सामने आया कि वाहन में मौजूद किसी भी व्यक्ति का सरकारी पहचान या बिहार सरकार से कोई संबंध नहीं था। न तो हूटर लगाने की वैध अनुमति थी और न ही सरकारी नेम प्लेट इस्तेमाल करने का कोई अधिकार।

 

जांच में यह भी पता चला कि केदारनाथ यात्रा के दौरान विशेष सुविधाएं प्राप्त करने, चेकिंग से बचने और आम लोगों पर रौब जमाने के उद्देश्य से फर्जी तरीके से सरकारी पहचान का इस्तेमाल किया जा रहा था।

 

स्कॉर्पियो सीज, सामान जब्त

 

मामले की पुष्टि होते ही पुलिस ने वाहन से अवैध हूटर और नेम प्लेट हटाकर जब्त कर ली। साथ ही मोटर वाहन अधिनियम के तहत स्कॉर्पियो को मौके पर ही सीज कर दिया गया।

 

एसपी ने दी सख्त चेतावनी

 

रुद्रप्रयाग पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में कानून से ऊपर कोई नहीं है। फर्जी वीआईपी संस्कृति, अवैध हूटर और सरकारी पहचान के दुरुपयोग को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

 

उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान नियमों को ताक पर रखकर विशेषाधिकार हासिल करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button