देहरादून में जून तक पूरा होगा अंडरग्राउंड केबलिंग कार्य, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन के निर्देश

देहरादून | मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने मंगलवार को सचिवालय में देहरादून शहर में चल रहे विद्युत लाइनों के अंडरग्राउंड केबलिंग कार्य की समीक्षा की। बैठक में ऊर्जा विभाग, जिला प्रशासन और पिटकुल के अधिकारियों के साथ कार्य प्रगति पर चर्चा की गई।
मुख्य सचिव ने पिटकुल को निर्देश दिए कि सड़कों की खुदाई, अंडरग्राउंड केबलिंग और ब्लैक टॉपिंग का कार्य जून माह तक हर हाल में पूरा किया जाए।
उन्होंने कहा कि पूरे शहर में एक साथ कार्य शुरू करने के बजाय सीमित फ्रंट पर काम किया जाए और अधिक से अधिक श्रमिकों को एक ही स्थान पर लगाकर कार्य तेजी से पूरा किया जाए। इससे शहर की सभी सड़कें एक साथ प्रभावित नहीं होंगी और आम लोगों को कम परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
मुख्य सचिव ने कहा कि कार्य को तय समयसीमा में पूरा करने के लिए जिला प्रशासन और पिटकुल लगातार समन्वय बनाए रखें। उन्होंने सविन बंसल, जिलाधिकारी देहरादून, को अंडरग्राउंड केबलिंग कार्य की साप्ताहिक मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि एक स्थान पर कार्य पूरा होने के बाद ही अगले क्षेत्र में खुदाई और कार्य की अनुमति दी जाए, ताकि यातायात और आमजन पर असर कम से कम पड़े।
बैठक में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुन्दरम सहित पिटकुल के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।




