उर्मिला सनावर ने जमानत के लिए कोर्ट में दी अर्जी, 29 अक्टूबर तक पुलिस से मांगी जांच आख्या

हरिद्वार: रोशनाबाद जिला कारागार में बंद अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने जमानत के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया है। मंगलवार को उनके अधिवक्ता ने अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में जमानत याचिका दाखिल की। इस पर अदालत ने रानीपुर कोतवाली में दर्ज मुकदमे के विवेचना अधिकारी को 29 अक्टूबर तक संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने के आदेश दिए हैं। साथ ही पुलिस से मामले की जांच आख्या भी मांगी है, ताकि जमानत अर्जी पर सुनवाई की जा सके।
गौरतलब है कि रविवार को हरिद्वार की रानीपुर कोतवाली पुलिस ने अभिनेत्री उर्मिला सनावर को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें हरिद्वार लाया गया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद अदालत में पेश किया गया। रविवार देर रात अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के आदेश दिए थे। इसके बाद से उर्मिला रोशनाबाद जिला कारागार में बंद हैं।
उर्मिला सनावर के खिलाफ पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी दीपिका राठौर ने रानीपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उर्मिला ने दीपिका से रविदास पीठ अपने नाम करने और पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का दबाव बनाया। इसके अलावा परिवार को जान से मारने और दीपिका के फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर उनकी छवि खराब करने की धमकी देने के भी आरोप लगाए गए हैं।
दीपिका राठौर ने 24 अक्टूबर को रानीपुर कोतवाली पुलिस को लिखित शिकायत दी थी। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और सहारनपुर स्थित आवास से उर्मिला को गिरफ्तार किया।
इस बीच हरिद्वार के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने स्पष्ट किया है कि उर्मिला की गिरफ्तारी रानीपुर कोतवाली में दर्ज मुकदमे के संबंध में की गई है और इसका नार्को टेस्ट से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है। यदि अदालत से नार्को टेस्ट कराने का आदेश प्राप्त होता है, तो उर्मिला को महिला पुलिसकर्मियों की सुरक्षा में टेस्ट के लिए भेजा जाएगा।
अब 29 अक्टूबर को पुलिस की जांच आख्या और संबंधित दस्तावेज अदालत में प्रस्तुत किए जाने के बाद उर्मिला सनावर की जमानत याचिका पर आगे की सुनवाई होगी।




