जमीन में 100 किलो सोना दबा होने का दिया लालच, तंत्र-मंत्र के नाम पर थारू जनजाति के व्यक्ति की जमीन हड़पने का आरोप

खटीमा। उत्तराखंड के खटीमा में जमीन के नीचे 100 किलो सोना दबा होने का लालच देकर थारू जनजाति के एक व्यक्ति की बेशकीमती जमीन हड़पने का मामला सामने आया है। आरोप है कि तांत्रिक क्रियाओं और पूजा-पाठ के नाम पर पीड़ित से रकम खर्च कराई गई। इसके बाद उसे बंधक बनाने और महिला के माध्यम से दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर जमीन की रजिस्ट्री करा ली गई। मामले में पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक आरोपी फरार है और एक तांत्रिक की मौत हो चुकी है।
जमीन में सोना दबा होने का दिया झांसा
पुलिस के मुताबिक, भूड़ महोलिया निवासी रणदीप सिंह पुत्र उमेश कुमार ने इस मामले में तहरीर दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पिता उमेश कुमार की हाईवे से लगी करीब डेढ़ से दो बीघा जमीन थी। आरोपियों ने जमीन और घर में 100 किलो सोना दबा होने का लालच देकर उन्हें अपने जाल में फंसाया। इसके बाद तांत्रिक क्रियाओं और पूजा-पाठ के नाम पर उनसे रकम खर्च कराई गई। तहरीर के अनुसार, विभिन्न दस्तावेजों पर कथित रूप से जबरन हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान भी लिए गए।
बंधक बनाने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी का आरोप
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि उमेश कुमार को कार में बंधक बनाया गया और एक महिला के माध्यम से दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। दबाव और भय के चलते उन्हें जमीन का एग्रीमेंट करने के लिए मजबूर किया गया। इसके बाद दस्तावेजों में 86 लाख रुपये नकद दिए जाने का उल्लेख करते हुए दो अलग-अलग व्यक्तियों के नाम जमीन की रजिस्ट्री करा दी गई। आरोप है कि इसके बाद जमीन पर कब्जा कर लिया गया।
चार आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
खटीमा के पुलिस क्षेत्राधिकारी नीरज सेमवाल ने बताया कि मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 127(2), 308(6), 318(4), 319(2) और 61(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई है। इस मामले में लक्ष्मण सिंह भाटिया निवासी भूड़ महोलिया, विवेक कुमार निवासी भानुसी, नंद किशोर निवासी बंडिया और शिव सिंह राणा निवासी मोहम्मदपुर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, शिव सिंह राणा तांत्रिक है।
पुलिस ने बताया कि कश्मीर सिंह निवासी जंगल जोगी ढेर फरार चल रहा है, जबकि आरोपी तांत्रिक मुकेश कुमार की मौत हो चुकी है। सीओ के मुताबिक, जमीन की रजिस्ट्री दीपक सिंह और पपेंद्र नाम के व्यक्तियों के नाम होने की बात सामने आई है। इनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की पड़ताल जारी है।
षड्यंत्र के तहत जमीन हड़पने का आरोप
सीओ नीरज सेमवाल के अनुसार, उमेश कुमार ने हाल ही में अपनी एक जमीन बेची थी, जिसके बदले उन्हें कुछ धनराशि मिली थी। इसके अलावा उनके पास हाईवे से सटी जमीन भी थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने कथित तौर पर उनकी रकम और जमीन हड़पने के लिए षड्यंत्र रचा और सोना दबा होने का लालच देकर तंत्र-मंत्र के नाम पर उनसे रकम ठगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




