उत्तराखण्ड

17 जुलाई को छात्रों से सीधा संवाद करेंगे राहुल गांधी, ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियां पूरी

देहरादून: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शुक्रवार, 17 जुलाई को देहरादून में आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में छात्रों और युवाओं से सीधा संवाद करेंगे। कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस संगठन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। पार्टी का दावा है कि प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में छात्र, युवा और अभिभावक इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए देहरादून पहुंच रहे हैं।

 

कांग्रेस नेताओं के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को अपनी समस्याएं, सुझाव और भविष्य को लेकर अपनी अपेक्षाएं सीधे राहुल गांधी के सामने रखने का अवसर देना है। इस दौरान शिक्षा व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं, रोजगार, युवाओं के पलायन और करियर जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रदेशभर से छात्रों के आने की लगातार सूचना मिल रही है। उन्होंने छात्रों और अभिभावकों से निर्धारित समय पर कार्यक्रम स्थल पहुंचने की अपील की। उनका कहना है कि कांग्रेस लंबे समय से युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाती रही है और यह कार्यक्रम उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

 

गोदियाल ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं की वास्तविक समस्याओं को सुनने और उन्हें राष्ट्रीय विमर्श का हिस्सा बनाने का मंच है। वर्तमान समय में शिक्षा और रोजगार युवाओं के सामने सबसे बड़ी चुनौतियां हैं, ऐसे में राहुल गांधी का छात्रों से सीधा संवाद महत्वपूर्ण साबित होगा।

 

वहीं, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि प्रदेशभर के छात्र इस कार्यक्रम का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन युवाओं के विचारों, सुझावों और समस्याओं को समझने का प्रयास है। उनके अनुसार, कार्यक्रम में छात्र शिक्षा व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं, रोजगार और अन्य समसामयिक मुद्दों पर सवाल पूछेंगे, जिनका राहुल गांधी सीधे जवाब देंगे।

 

कांग्रेस नेताओं ने बताया कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। संगठन स्तर पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। पार्टी को उम्मीद है कि यह कार्यक्रम उत्तराखंड के युवाओं को अपनी आवाज बुलंद करने का प्रभावी मंच प्रदान करेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button