शराब पिलाकर तकिये से दबाया मुंह, हत्या को आत्महत्या दिखाने की कोशिश

देहरादून। अजय बटेजा हत्याकांड में पुलिस जांच में सनसनीखेज खुलासे हुए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी जैकी उर्फ राजन ने अपने साथियों के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से अजय बटेजा की हत्या की और बाद में उसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की।
जांच में सामने आया कि आरोपी पहले मृतक के घर पहुंचा और बहाने से अमित बटेजा के साथी नीरज को घर के बाहर से ही गाड़ी में बैठाकर अपने साथ ले गया। इसके बाद घर के अंदर मौजूद हुमेरा उर्फ जोया की मदद से अजय बटेजा को जानबूझकर अत्यधिक शराब पिलाई गई। जब अजय नशे की हालत में हो गया तो आरोपी ने तकिये से उसका मुंह दबा दिया। अधिक नशे की वजह से अजय विरोध भी नहीं कर पाया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी ने घटना को आत्महत्या साबित करने के लिए शव को पंखे से लटकाने का प्रयास किया, लेकिन जल्दबाजी में वह ऐसा नहीं कर सका। इसी दौरान उसकी नजर कमरे के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे पर पड़ी। पकड़े जाने के डर से आरोपी कैमरे की डीवीआर निकालकर अपने साथ ले गया।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी प्रेमिका के साथ ऑटो से आईएसबीटी पहुंचा और वहां से बस के जरिए सहारनपुर फरार हो गया। बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी जैकी उर्फ राजन सहारनपुर का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। उसके खिलाफ सहारनपुर, शामली और आसपास के जिलों में हत्या के प्रयास, लूट, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट, अवैध वसूली और शस्त्र अधिनियम समेत करीब दो दर्जन संगीन मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी पर पहले गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई हो चुकी है और उसकी करोड़ों की अवैध संपत्ति भी कुर्क की जा चुकी है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जैकी उर्फ राजन पुत्र शिवलाल निवासी उमाही कला थाना रामपुर मनिहारान जिला सहारनपुर के रूप में हुई है। वहीं अमित बटेजा और हुमेरा उर्फ जोया अभी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।




