उत्तराखण्ड

काशीपुर में दर्दनाक हादसा: पेट्रोल पंप के वाटर कूलर में करंट लगने से युवक की मौत, जांच शुरू

रुद्रपुर/काशीपुर: ऊधमसिंह नगर जिले के काशीपुर में एक पेट्रोल पंप पर दर्दनाक हादसा हो गया। बाजपुर रोड स्थित आईजीएल गेट नंबर-6 के सामने बने पेट्रोल पंप पर कथित तौर पर वाटर कूलर में करंट आने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

मृतक की पहचान सर्वेश कुमार पुत्र हरिचंद, निवासी ग्राम भूवरा, मसवासी के रूप में हुई है। वह नैनी स्टोन क्रशर में कार्यरत था। जानकारी के अनुसार, सर्वेश कुमार रोज की तरह काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहा था। रास्ते में वह पेट्रोल भरवाने के लिए संबंधित पेट्रोल पंप पर रुका। पेट्रोल भरवाने के बाद वह हाथ-पैर धोने के लिए वहां लगे वाटर कूलर के पास गया, जहां कथित रूप से करंट की चपेट में आ गया।

हादसे में सर्वेश कुमार गंभीर रूप से झुलस गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पेट्रोल पंप पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग वहां एकत्र हो गए।

सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।

काशीपुर के क्षेत्राधिकारी (सीओ) प्रशांत कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों से तहरीर प्राप्त हो गई है। तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बताया जा रहा है कि सर्वेश कुमार विवाहित था और उसके परिवार में पत्नी तथा दो छोटे बेटे हैं। चार भाइयों में वह सबसे बड़ा था। उसकी असमय मौत से परिवार और पूरे गांव में शोक की लहर है।

फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि वाटर कूलर में करंट आने का कारण क्या था। यदि जांच में सुरक्षा मानकों की अनदेखी या किसी की लापरवाही सामने आती है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button