उत्तराखण्ड

कांवड़ मेले के चलते देहरादून- दिल्ली रूट पर बस किराया बैग 100 रुपये तक, यात्रा में लगेगा 2 घंटे अतिरिक्त समय

देहरादून : आगामी कांवड़ मेले को देखते हुए उत्तराखंड रोडवेज की बसों के रूट बदले जाएंगे। 30 जुलाई से 12 अगस्त तक लागू होने वाले विशेष यातायात डायवर्जन प्लान के कारण हल्द्वानी से दिल्ली, हरिद्वार और देहरादून जाने वाले यात्रियों को लंबा सफर तय करना पड़ेगा और साथ ही किराया भी बढ़ सकता है।

 

डायवर्जन से 80 किमी तक बढ़ेगा सफर

काठगोदाम डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक गणेश पंत ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के तहत दिल्ली जाने वाली रोडवेज बसों को हापुड़-बुलंदशहर मार्ग से चलाया जाएगा। वहीं हरिद्वार और देहरादून रूट की बसें मुजफ्फरनगर और बिजनौर के रास्ते जाएंगी। आधिकारिक रूट मैप जल्द जारी किया जाएगा।

 

इस बदलाव से हर बस को करीब 50 से 80 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी होगी। परिचालन लागत बढ़ने की वजह से यात्रियों के किराये में 80 से 100 रुपये तक की बढ़ोतरी संभव है। साथ ही यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने में डेढ़ से दो घंटे ज्यादा समय भी लग सकता है।

 

रोज चलती हैं 64 बसें

हल्द्वानी और काठगोदाम डिपो से प्रतिदिन दिल्ली और देहरादून के लिए 64 बसों का संचालन होता है। इसमें काठगोदाम से दिल्ली के लिए 26 और देहरादून के लिए 6 बसें हैं। जबकि हल्द्वानी डिपो से दिल्ली के लिए 24 और देहरादून के लिए 8 बसें चलती हैं।

अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों को असुविधा न हो इसके लिए अतिरिक्त चालकों की ड्यूटी लगाई जा रही है और सुरक्षा मानकों का पूरा ध्यान रखा जाएगा।

 

देहरादून में कांवड़ वाहनों की एंट्री पर रोक

देहरादून पुलिस ने भी कांवड़ मेले के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। एसपी ट्रैफिक जितेंद्र चौधरी ने बताया कि दून को जाम से बचाने के लिए दिल्ली-दून एक्सप्रेस-वे और दून-पांवटा हाईवे से कांवड़ वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।

 

इसके लिए उत्तराखंड, दिल्ली और हिमाचल पुलिस के बीच समन्वय बनाकर रूट तय किए गए हैं। दिल्ली से आने वाले कांवड़ वाहनों को दिल्ली के एंट्री प्वाइंट पर ही एक्सप्रेस-वे में जाने से रोक दिया जाएगा। पांवटा साहिब की ओर से आने वाले वाहनों को हिमाचल सीमा पर सहारनपुर मार्ग की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। इसके बाद ये वाहन सहारनपुर होते हुए सीधे हरिद्वार जाएंगे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button