उत्तराखण्ड

श्रद्धालुओं से सीधे रूबरू हुए सीएम धामी, चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

ऋषिकेश। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को ऋषिकेश स्थित चारधाम यात्रा ट्रांजिट कैंप का औचक निरीक्षण कर यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझावों और यात्रा अनुभवों की जानकारी प्राप्त की। साथ ही चारधामों के दर्शन कर लौटे यात्रियों से सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर फीडबैक भी लिया।

 

मुख्यमंत्री के अचानक ट्रांजिट कैंप पहुंचने से श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। कई यात्रियों ने यात्रा व्यवस्थाओं की सराहना की, जबकि कुछ ने अपने सुझाव भी साझा किए। मुख्यमंत्री ने सभी बातों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। श्रद्धालुओं के आग्रह पर उन्होंने उनके साथ तस्वीरें और सेल्फी भी खिंचवाईं।

 

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में यात्रा सुचारू रूप से संचालित हो रही है और सरकार का उद्देश्य प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना है।

 

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रा व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा उत्तराखंड की आस्था, संस्कृति और पहचान का महत्वपूर्ण केंद्र है, इसलिए श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

 

उन्होंने कहा कि लाखों श्रद्धालुओं की यात्रा को सुचारू रूप से संचालित करना एक बड़ी चुनौती है, लेकिन सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से व्यवस्थाओं को मजबूत बनाया गया है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रशासन और सरकार के संयुक्त प्रयासों से इस वर्ष की चारधाम यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न होगी।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं और सुगम दर्शन उपलब्ध कराकर राज्य की सकारात्मक छवि को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत किया जाएगा। चारधाम यात्रा के चरम सीजन में मुख्यमंत्री के इस औचक निरीक्षण को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button