उत्तरकाशी में बारिश से हालात गंभीर: स्यानाचट्टी भूस्खलन क्षेत्र पहुंचे डीएम, हाईवे जल्द खोलने के दिए निर्देश

उत्तरकाशी: उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित है। भूस्खलन के चलते कई सड़कें बाधित हैं, जिससे चारधाम यात्रा और स्थानीय लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। इसी क्रम में उत्तरकाशी के जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने शनिवार को स्यानाचट्टी के भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर राहत, पुनर्बहाली और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात जल्द बहाल करने के लिए वैकल्पिक मार्ग का निर्माण युद्धस्तर पर कराने और सभी आवश्यक संसाधन तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) को स्यानाचट्टी में यमुना नदी पर निर्माणाधीन पुल का कार्य हर हाल में एक सप्ताह के भीतर पूरा करने के निर्देश भी दिए।
डीएम प्रशांत आर्य ने कहा कि चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को राहत, बचाव और पुनर्बहाली कार्यों में तेजी लाने तथा समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
उपजिलाधिकारी बड़कोट को ट्रांसशिपमेंट व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही वैकल्पिक पैदल मार्ग के संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में रस्सियां, सोलर लाइट और अन्य सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने को कहा गया, ताकि यात्रियों की आवाजाही सुरक्षित बनी रहे।
जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग द्वारा यमुना नदी पर चल रहे चैनलाइजेशन कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने नदी के प्रवाह को सुचारु बनाए रखने, गढ़गाड़ क्षेत्र में नदी के बहाव में बाधा बने मलबे को तत्काल हटाने तथा चैनलाइजेशन कार्य में मशीनों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए।
गौरतलब है कि बीते गुरुवार को स्यानाचट्टी के पास यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी भूस्खलन होने के बाद से हाईवे पूरी तरह बंद है। लगातार बारिश के कारण पहाड़ी से मलबा और बड़े-बड़े पत्थर गिरने का सिलसिला जारी है, जिससे तीसरे दिन भी सड़क को यातायात के लिए नहीं खोला जा सका।
मार्ग बंद होने के कारण यमुनोत्री धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को स्यानाचट्टी के पास अपने वाहनों से उतरकर पैदल मलबा प्रभावित क्षेत्र पार करना पड़ रहा है। दूसरी ओर खड़े वाहनों से उन्हें आगे की यात्रा करनी पड़ रही है। वहीं, सड़क बंद रहने से स्थानीय लोगों की आवाजाही, व्यापार और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है।
जिला प्रशासन ने कहा है कि प्रभावित क्षेत्र की लगातार निगरानी की जा रही है और राहत, सुरक्षा तथा यातायात बहाली के सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरा कराया जा रहा है।




