देहरादून में ई-ऑफिस व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश, डीएम ने की प्रगति की समीक्षा

देहरादून: जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने जनपद में लागू ई-ऑफिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुगम बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों में ई-ऑफिस प्रणाली के क्रियान्वयन, तकनीकी समस्याओं और कार्यप्रणाली की समीक्षा की।
बैठक में बताया गया कि जनपद के लगभग सभी शासकीय कार्यालयों को ई-ऑफिस प्रणाली से जोड़ा जा चुका है और अधिकांश विभागों में पत्रावलियों का निस्तारण डिजिटल माध्यम से किया जा रहा है। ई-ऑफिस व्यवस्था लागू होने से शासकीय कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता और ऑनलाइन निगरानी की सुविधा बढ़ी है।
समीक्षा के दौरान कुछ विभागों ने रिपोर्टिंग और ऑनलाइन कार्य निष्पादन में तकनीकी दिक्कतों की जानकारी दी। इस पर जिलाधिकारी ने आईटीडीए की तकनीकी टीम को तत्काल समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ई-ऑफिस शासन की महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य कार्यालयी कार्यों को तेज, पारदर्शी और पेपरलेस बनाना है।
डॉ. आशीष चौहान ने सभी विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से पत्रावलियों के संचालन और निस्तारण को गंभीरता से अपनाएं तथा लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि यदि किसी स्तर पर तकनीकी समस्या आती है तो संबंधित तकनीकी टीम से समन्वय स्थापित कर उसका शीघ्र समाधान कराया जाए, ताकि सरकारी कार्य प्रभावित न हों।
बैठक में जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अंकुश पाण्डेय, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर हरेन्द्र शर्मा, आईटीडीए की तकनीकी टीम के आशीष, दीक्षा, विवेक तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




