हरिद्वार पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कुख्यात नशा तस्कर सलमान गिरफ्तार, एसएसपी बोले- नशा कारोबारियों पर जारी रहेगी सख्त कार्रवाई

रुड़की: हरिद्वार जिले की मंगलौर कोतवाली पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुख्यात हिस्ट्रीशीटर और कथित नशा तस्कर सलमान को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ PIT-NDPS (Prevention of Illicit Traffic in Narcotic Drugs and Psychotropic Substances Act) के तहत कार्रवाई की गई थी।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर आरोपी के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट उत्तराखंड शासन को भेजी गई थी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शेखर चंद्र सुयाल के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी मंगलौर के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक मंगलौर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
सीआईयू रुड़की के सहयोग से पुलिस टीम ने आरोपी के संभावित ठिकानों और रिश्तेदारों के यहां लगातार दबिश दी। मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने पीरपुरा निवासी हिस्ट्रीशीटर सलमान पुत्र जहांगीर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पुलिस के मुताबिक, सलमान के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में 11 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह लंबे समय से नशा तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है।
एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि समाज को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे का कारोबार करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे लोगों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



