चमोली में दर्दनाक हादसा: पीएचसी नारायणबगड़ के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. नवीन डिमरी की दीवार गिरने से मौत

चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले से स्वास्थ्य विभाग के लिए बेहद दुखद खबर सामने आई है। नारायणबगड़ विकासखंड स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. नवीन डिमरी का शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में निधन हो गया। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डॉ. नवीन डिमरी अस्पताल परिसर के समीप स्थित आवासीय भवन के पीछे क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान अचानक दीवार भरभराकर गिर गई और वह उसकी चपेट में आ गए। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं।
अस्पताल के कर्मचारियों ने तत्काल प्राथमिक उपचार देने के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए 108 एंबुलेंस से हायर सेंटर रेफर किया, लेकिन उपचार के लिए ले जाते समय रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
डॉ. नवीन डिमरी लंबे समय से पीएचसी नारायणबगड़ में प्रभारी चिकित्साधिकारी के रूप में सेवाएं दे रहे थे। अपने सरल स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व और मरीजों के प्रति समर्पण के कारण वे क्षेत्र में काफी लोकप्रिय थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने हर परिस्थिति में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया और हमेशा जनसेवा को प्राथमिकता दी।
डॉ. डिमरी के निधन पर स्थानीय युवक संजय कंडारी, भाजपा नेता कमलेश सती, जिला पंचायत सदस्य सुरेंद्र कनेरी सहित कई जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने गहरा शोक व्यक्त किया। सभी ने उन्हें संवेदनशील, कर्तव्यनिष्ठ और जनसेवा के प्रति समर्पित चिकित्सक बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. गुप्ता ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि क्षतिग्रस्त दीवार गिरने से डॉ. नवीन डिमरी गंभीर रूप से घायल हो गए थे और हायर सेंटर ले जाते समय उनका निधन हो गया। उन्होंने इसे स्वास्थ्य विभाग के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
डॉ. नवीन डिमरी के असामयिक निधन से स्वास्थ्य विभाग, उनके सहयोगियों और क्षेत्रवासियों में गहरा शोक व्याप्त है। उन्हें एक समर्पित चिकित्सक और जनसेवा के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध डॉक्टर के रूप में याद किया जा रहा है।




