दो दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंचे कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल, विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर रहेगा फोकस

देहरादून: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल गुरुवार को दो दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंचे। राजधानी पहुंचने पर प्रदेश कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। उनका यह दौरा उत्तराखंड में पार्टी की संगठनात्मक मजबूती और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
दौरे के पहले दिन के.सी. वेणुगोपाल जिला एवं महानगर कांग्रेस अध्यक्षों की बैठक ले रहे हैं। इसके साथ ही वे जिला और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों के साथ भी संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा करेंगे। बैठकों का मुख्य उद्देश्य पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करना है।
बैठकों के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में चलाए जा रहे पेपर लीक प्रकरण से जुड़े राष्ट्रव्यापी अभियान ‘छात्रों की गूंज’ सहित विभिन्न संगठनात्मक गतिविधियों की भी समीक्षा की जाएगी। साथ ही कार्यकर्ताओं से अभियान की प्रगति और जनसंपर्क कार्यक्रमों की जानकारी ली जाएगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि राष्ट्रीय महासचिव संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करने के साथ आगामी चुनावी रणनीति को लेकर पार्टी नेताओं का मार्गदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि के.सी. वेणुगोपाल के इस दौरे से पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में नया उत्साह आएगा तथा संगठन को और अधिक मजबूती मिलेगी।




