ड्रग्स फ्री उत्तराखंड अभियान: पांवटा हाईवे और डाकपत्थर में चेकिंग, 2 तस्कर गिरफ्तार,

विकासनगर। उत्तराखंड को ड्रग्स फ्री बनाने के अभियान के तहत कोतवाली विकासनगर पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत अवैध नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में 17.62 ग्राम अवैध स्मैक के साथ दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक ऑल्टो कार और एक स्कूटी भी बरामद की है। दोनों आरोपी पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न मामलों में जेल जा चुके हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत 7 मई को देहरादून-पांवटा साहिब राष्ट्रीय राजमार्ग पर पुल के पास वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने ऑल्टो कार संख्या UK07BT-3409 को रोककर तलाशी ली। तलाशी में चालक दिलशाद उर्फ शानू पुत्र मोहम्मद हनीफ निवासी रामपुर कला, सहसपुर के कब्जे से 7.49 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को कार सहित गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया।
वहीं दूसरे मामले में 8 मई की रात बैराज रोड झूला पुल के पास डाकपत्थर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस ने आसिफ पुत्र इमरान निवासी विशाल कॉलोनी डाकपत्थर को स्कूटी संख्या UK16E-9927 सहित गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 10.13 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई। उसके खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे स्वयं नशे के आदी हैं और अपने खर्च तथा नशे की पूर्ति के लिए स्मैक बेचने का काम करते हैं। दिलशाद ने स्मैक मिर्जापुर उत्तर प्रदेश से वसीम नामक व्यक्ति से खरीदकर लाने की बात कबूली, जबकि आसिफ ने डाकपत्थर डांडा क्षेत्र के सोएब नामक व्यक्ति से स्मैक खरीदना बताया। पुलिस संबंधित लोगों के खिलाफ भी साक्ष्य जुटाकर कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं और इनके खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट, चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।




