बदरीनाथ हाईवे पर दर्दनाक हादसा, खाई में गिरी बाइक; असम के युवक की मौत

चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले में बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गौचर और कर्णप्रयाग के बीच तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक की उपचार के दौरान मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
चट्टानों के बीच फंसा था युवक
जानकारी के अनुसार हादसे के बाद एक युवक खाई में चट्टानों के बीच फंस गया था। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल युवक को स्ट्रेचर के जरिए खाई से बाहर निकाला गया और 108 एम्बुलेंस से उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग भेजा गया।
वहीं दूसरे युवक को एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर सुरक्षित बाहर निकाला। उसे भी इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
इलाज के दौरान युवक की मौत
उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग में उपचार के दौरान चिकित्सकों ने सोम बोस्या पुत्र रोबिन बोस्या निवासी जोराहाट, असम, उम्र 25 वर्ष को मृत घोषित कर दिया। जबकि ऋतिक पुत्र धनंजय निवासी बक्सर, बिहार, उम्र 25 वर्ष को मामूली चोटें आई हैं। घायल युवक का अस्पताल में उपचार जारी है।
सड़क हादसों पर लगाम लगाने की कोशिश जारी
प्रदेश में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों और मौतों के आंकड़ों को देखते हुए परिवहन विभाग जागरूकता अभियान चला रहा है। ओवर स्पीडिंग और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ एएनपीआर (ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकगनाइजेशन) कैमरों के जरिए चालान की कार्रवाई की जा रही है।
राज्य के सीमावर्ती क्षेत्रों और प्रमुख मार्गों पर एएनपीआर कैमरे लगाए गए हैं, ताकि तेज रफ्तार और नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर निगरानी रखी जा सके। इसके बावजूद प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं के मामले लगातार सामने आ रहे हैं।




