UKSSSC Recruitment 2026: उत्तराखंड में 379 पदों पर भर्ती, 26 जुलाई से आवेदन, 12 अक्टूबर को होगी परीक्षा

देहरादून: उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने राज्य के विभिन्न विभागों में समूह ‘ग’ के 379 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी कर दिया है। आयोग ने 21 जुलाई को भर्ती अधिसूचना जारी करते हुए आवेदन और परीक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण तिथियों की भी घोषणा कर दी है।

आयोग के अनुसार लेखाकार, सहायक लेखाकार, सहायक लेखाकार/कनिष्ठ सम्परीक्षक, कार्यालय सहायक तृतीय (लेखा), कैशियर कम सहायक लेखाकार सहित कुल 18 विभिन्न पदनामों के 379 पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 26 जुलाई 2026 से शुरू होगी, जबकि आवेदन की अंतिम तिथि 15 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है।
इच्छुक अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट sssc.uk.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। भर्ती के लिए अभ्यर्थियों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 42 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु सीमा में आरक्षण के अनुसार नियमानुसार छूट भी लागू होगी।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन आवेदन करते समय अभ्यर्थियों को अपने नाम और जन्मतिथि के सत्यापन के लिए हाईस्कूल का प्रमाण पत्र तथा आधार कार्ड के दोनों तरफ की स्पष्ट छायाप्रति अपलोड करना अनिवार्य होगा। निर्धारित दस्तावेज अपलोड न करने पर आवेदन निरस्त किया जा सकता है।
भर्ती प्रक्रिया के तहत लिखित प्रतियोगी परीक्षा की संभावित तिथि 12 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। परीक्षा की विस्तृत जानकारी, प्रवेश पत्र और अन्य दिशा-निर्देश आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर समय-समय पर जारी किए जाएंगे।
आयोग ने अभ्यर्थियों से अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन करने की अपील की है, ताकि तकनीकी समस्याओं से बचा जा सके।




