जॉर्ज एवरेस्ट की जमीन निजी हाथों में सौंपने के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, सरकार से फैसला वापस लेने की मांग

देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी जमीनों को निजी हाथों में सौंपने के विरोध में कांग्रेस ने बुधवार को प्रदेशभर में प्रदर्शन किया। इसी क्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मसूरी स्थित ऐतिहासिक जॉर्ज एवरेस्ट की भूमि को निजी हाथों में सौंपने के फैसले के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने ‘धामी हटाओ-भूमि बचाओ’ अभियान के तहत सरकार से इस फैसले को वापस लेने और सरकारी जमीनों से जुड़े निर्णयों की पूरी प्रक्रिया सार्वजनिक करने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि उत्तराखंड की जमीन केवल संपत्ति नहीं, बल्कि प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक संसाधन और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य है। राज्य गठन के समय जनता ने उम्मीद की थी कि जल, जंगल और जमीन पर स्थानीय लोगों का अधिकार सुरक्षित रहेगा और इन संसाधनों का उपयोग प्रदेश के विकास एवं जनकल्याण के लिए होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान भाजपा सरकार सरकारी भूमि को कौड़ियों के भाव निजी हाथों में सौंपकर प्रदेश के हितों के साथ खिलवाड़ कर रही है।
गोदियाल ने कहा कि मसूरी स्थित जॉर्ज एवरेस्ट केवल पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि उत्तराखंड की ऐतिहासिक और प्राकृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसी महत्वपूर्ण भूमि को निजी हाथों में सौंपने का निर्णय कई सवाल खड़े करता है। सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि भूमि किस प्रक्रिया के तहत, किन शर्तों पर और किसके हितों को ध्यान में रखते हुए निजी हाथों में दी गई है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकारी संपत्तियों और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी। प्रदेश की जनता की संपत्तियों का इस्तेमाल निजी हितों के लिए नहीं होने दिया जा सकता। कांग्रेस ने मांग की कि जिन जमीनों को निजी हाथों में सौंपा गया है, उन्हें तत्काल सरकार में निहित किया जाए। साथ ही जॉर्ज एवरेस्ट की भूमि सहित अन्य सरकारी जमीनों को निजी हाथों में सौंपने से जुड़े फैसलों पर पुनर्विचार किया जाए और पूरी प्रक्रिया सार्वजनिक की जाए।
प्रदर्शन में पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, प्रदेश महामंत्री संगठन राजेंद्र सिंह भंडारी, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र शाह, अश्विनी बहुगुणा, उपेंद्र थापली, अमरजीत सिंह, प्रदेश प्रवक्ता राजेश चमोली, विधानसभा प्रभारी अमरेंद्र बिष्ट, जिला अध्यक्ष अमित गुप्ता, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता, पार्षद सोमेंद्र बोहरा, सुनीत राठौड़, यशपाल चौहान, गौरव अग्रवाल, रितेश जोशी, प्रशांत खंडूरी, मनीष गुनियाल, सोनिया आनंद, अपून सक्सेना, मेघ सिंह कंडारी, जसवीर कौर, उर्मिला थापा और निशांत बोरा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।




